स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने जल्द ही शिकायत वापस लेने का दावा किया है। आशुतोष ब्रह्मचारी (Ashutosh Brahmachari) ने लगातार धमकियां मिलने और शिकायत के बावजूद पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा नहीं दिए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने हाल ही में अपने बयान में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता पर माघ मेला के दौरान अविमुक्तेश्वरानंद के धरने को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।
शामली से फोन पर संक्षिप्त वार्ता में आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा कि उन्होंने स्थानीय पुलिस को धमकियों के बारे में बताया था और सुरक्षा मांगी थी, लेकिन अब तक कोई सुरक्षा नहीं दी गई है। उन्होंने अपने आश्रम में रहने वाले बटुकों की संख्या बताने से परहेज किया, क्योंकि उन्हें उनकी सुरक्षा का डर था। उन्होंने कहा कि वह और बटुक बहुत डरे हुए हैं। आरोप लगाया कि डर की वजह से आश्रम से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अनजान नंबरों से कॉल आ रही है। आशुतोष ब्रह्मचारी ने बताया कि उनके गुरु ने भी उनका समर्थन करते हुए बयान तक जारी नहीं किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष के वकील को धमकाने के बारे में कोर्ट में शिकायत दर्ज कराने के अगले ही दिन उन पर झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया गया। उन्हें देर रात बताया गया कि अगली सुबह कोर्ट में पेश होना है। उन्होंने अपना व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने का भी आरोप लगाया। विदित हो कि आशुतोष ब्रह्मचारी की कोर्ट में याचिका के बाद झूंसी थाने में अविमुक्तेश्वरानंद, उनके शिष्य मुकुंदानंद व तीन अज्ञात के खिलाफ नाबालिग लड़कों के साथ यौन शोषण का मुकदमा दर्ज हुआ था।
प्रयागराज पुलिस जाएगी बद्रीनाथ
आशुतोष ब्रह्मचारी ने न सिर्फ कुम्भ और माघ मेला, बल्कि बद्रीनाथ व अन्य आश्रमों में भी नाबालिग बटुकों संग यौन शोषण किए जाने का आरोप लगाया था। पुलिस अब तक दोनों लड़कों का बयान व मेडिकल परीक्षण करा चुकी है। सूत्रों की मानें तो प्रयागराज पुलिस जल्द ही बद्रीनाथ स्थित आश्रम में भी जांच करने जाएगी। इसके लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस वहां आश्रम में पढ़ने वाले बटुकों का बयान दर्ज करेगी। पता लगाएगी कि जिस वक्त यौन शोषण का आरोप लगाया गया है, उस वक्त पीड़ित लड़के वहां ठहरे थे कि नहीं? फिलहाल पुलिस अभी कुछ भी बताने से गुरेज कर रही है।
कल फूट-फूटकर रो पड़े थे आशुतोष ब्रह्मचारी
आशुतोष ब्रह्मचारी कल खुद को बेबस और लाचार बताते हुए फूट-फूटकर रो पड़े थे। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को इलाहाबाद हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत और उनकी गिरफ्तारी पर लगी रोक के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोते नजर आ रहे हैं।
