देहरादून। कृषि मंत्री गणेश जोशी से शुक्रवार को उनके शासकीय आवास पर हाउस ऑफ़ स्वाशा ब्रांड (निजी संस्था) की सह-संस्थापक स्वाति खंडूरी डिमरी ने शिष्टाचार भेंट की।
स्वाति खंडूरी डिमरी ने कृषि मंत्री को हाउस ऑफ़ स्वाशा ब्रांड के अंतर्गत बांस (Bamboo) से निर्मित परिधान भेंट किए।भेंट के दौरान स्वाति खंडूरी डिमरी ने ब्रांड द्वारा किए जा रहे सस्टेनेबल और इको-फ्रेंडली फैशन के प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ़ स्वाशा 100 प्रतिशत प्राकृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करते हुए नैतिक उत्पादन को बढ़ावा दे रहा है और स्थानीय कारीगरों को रोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
ब्रांड की प्रमुख पेशकशों में बांस रेंज के क्लासिक फिट टॉप्स, बांस से बने मोज़े तथा प्रीमियम ऑर्गेनिक कॉटन पुरुष कलेक्शन शामिल हैं, जो पूरी तरह प्राकृतिक सामग्री से तैयार किए गए हैं और पर्यावरण पर न्यूनतम प्रभाव डालते हैं।
कृषि मंत्री श्री जोशी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बांस आधारित उत्पादों को प्रदेश में किसानों से जोड़ा जाएगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बांस उत्पादन और बांस से बने उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि बांस के बहुउपयोगी लाभों और सस्टेनेबल उद्योगों को प्रोत्साहित करने से किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान होगी।
