शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की घोषणा के बाद हिमाचल के पांच और सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें शिमला जिले के चिड़गांव, धमवाड़ी, जांगला और तकलेच और किन्नौर जिले का कल्पा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शामिल है।
इन स्कूलों में सत्र 2027-28 से सीबीएसई की कक्षाएं शुरू करने का लक्ष्य है। इससे यहां पढ़ रहे 1371 विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रम के अनुरूप शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा सचिव को निर्देश जारी
मुख्यमंत्री ने रोहड़ू, रामपुर और किन्नौर दौरे के दौरान इन स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करने की घोषणा की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने शिक्षा सचिव को तत्काल कार्रवाई कर अनुपालना रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
औपचारिकताएं पूरी करने का निर्देश
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने अब पांचों विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध करने के लिए स्वीकृति देने का आग्रह किया है। साथ ही संबद्धता के लिए आवेदन सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी करने को कहा गया है। हालांकि, नए सत्र से कक्षाएं शुरू होना सीबीएसई की संबद्धता मिलने पर निर्भर करेगा।
चिड़गांव में सर्वाधिक 411 विद्यार्थी
पांचों स्कूलों में चिड़गांव में सबसे अधिक 411 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। जांगला में 325, धमवाड़ी में 268, तकलेच में 248 और कल्पा में 119 विद्यार्थी नामांकित हैं। अब इन विद्यालयों को सीबीएसई से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने पर जोर है।
