लखनऊ। मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर लगातार शिकायत कर रही समाजवादी पार्टी एसआइआर को लेकर भी सतर्कता बरत रही है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बूथों पर तैनात अपने पीडीए प्रहरियों को 24 अक्टूबर को निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जाने वाले विशेष अभियान में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को सपा प्रमुख ने कहा कि पूर्व में चले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआइआर) में पीडीए प्रहरियों की बहुत सहायता की थी। अब विशेष अभियान में सभी फिर मुस्तैद रहें और मतदाताओं की हर संभव मदद करें। पार्टी के सभी नेता, कार्यकर्ता अपने अपने-अपने बूथों पर मतदाता सूची में फर्जी वोटरों का नाम जुड़ने से रोके, असली वोटरों का नाम जुड़वाएं। सपा प्रमुख ने भाजपा और चुनाव आयोग पर मतदाता सूची में गड़बड़ी करने के आरोप दोहराते हुए कहा कि भाजपा ने जनता का भरोसा खो दिया है।
अब सत्ता हाथ से फिसलता देख भाजपा पूरी तरह से झूठ, बेईमानी और ठगी पर उतर आई है। झूठा आरोप विपक्षी पार्टियों पर लगाते है। वहीं उन्होंने फ्रांस के निवासी वेलेंटिन हेनाल्ट का वीडियो एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब तो विदेशी भी जाति के भेद से जन्म लेने वाले भेदभाव का आंखों देखा हाल बता रहे हैं।
सच तो ये है कि पीडीए समाज का कोई भी व्यक्ति वो चाहे जेल के अंदर हो या बाहर जाति के नाम पर ‘पीड़ा, दुख और अपमान’ उसे हमेशा ही भुगतना पड़ता है।
