नगर विकास और पर्यटन मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने कहा है कि झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा की एक भव्य प्रतिमा बनाई जाएगी, जिसे “STATUE OF STRENGTH” नाम दिया गया है। यह प्रतिमा झारखंड की पहचान बनेगी और राज्य के पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा देगी।
शुक्रवार को मंत्री सुदिव्य कुमार ने रांची के बायोडायवर्सिटी पार्क और रांची-टाटा रोड के पास नामकुम प्रखंड के हाहाप पंचायत में प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। मंत्री ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की यह भव्य प्रतिमा एक बड़ी पहाड़ी पर बनाई जाएगी, जो रांची-टाटा रोड के किनारे है। इसके लिए मंत्री ने इलाके का दौरा किया और सबसे उपयुक्त स्थान का चयन किया।
क्या-क्या बनेगा इस परियोजना में
- पहाड़ी की चोटी पर भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा
- पहाड़ी क्षेत्र में पार्क, कैफेटेरिया और पार्किंग की सुविधा
- पहाड़ी पर चढ़ने के लिए सड़क का निर्माण
बायोडायवर्सिटी पार्क में न्यूट्रीशन पार्क और महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
बायोडायवर्सिटी पार्क के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्देश दिया कि यहां एक न्यूट्रीशन पार्क भी बनाया जाए। इसमें पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं रहेंगी। साथ ही, स्थानीय महिलाओं को होटल प्रबंधन संस्थान (IHM) के ज़रिए आतिथ्य सेवा (हॉस्पिटैलिटी) में प्रशिक्षण देने की बात कही, जिससे उन्हें रोजगार मिल सके और पर्यटकों को बेहतर सेवा मिले।