सितारगंज। टीचर्स कॉलोनी में खाली पड़े आवास में पानी की टंकियां और खिड़कियों के ग्रिल काटकर लोहा चुरा रहें दो लोगों को शिक्षकों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। शिक्षकों ने दोनों आरोपियों को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
राजकीय इण्टर कॉलेज सितारगंज के प्रभारी प्रधानाचार्य विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि 9 मार्च की शाम करीब छह बजे शिक्षक कॉलोनी के खाली आवासों से कुछ काटने की आवाज़ आ रही थी। शक होने पर वह अपने साथी शिक्षक डाॅ. धर्मेंद्र नाथ चौबे, चंदन सिंह डसीला, हरिशंकर याज्ञिक, संजय कुमार शुक्ला, नेहा ओझा और उमेश पांडे के साथ खाली पड़े आवासों की तरफ गए।
उन्होंने देखा कि दो लोग पानी की टंकी और खिड़की का ग्रिल काटकर लोहा इकट्ठा कर रहे हैं। इस पर शिक्षकों ने दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शाहवेज निवासी अमरिया (पीलीभीत) और गुरदीप सिंह निवासी गांव मुंडलिया, अमरिया (पीलीभीत) बताया।
शिक्षकों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहीं, मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
