देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से चर्चित कैबिनेट विस्तार पर आखिरकार विराम लग गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में शुक्रवार को 5 नए मंत्रियों की एंट्री हुई। नवरात्र के शुभ अवसर पर लोकभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने सभी नव-नियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
उत्तराखंड में धामी मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार हो गया। शुक्रवार को पांच नये मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। इनमें मदन कौशिक (हरिद्वार), प्रदीप बत्रा (रुड़की), भरत चौधरी (रुद्रप्रयाग), खजान दास (देहरादून), राम सिंह कैड़ा (भीमताल) शामिल हैं।
सबसे पहले राजपुर विधायक खजान दास ने शपथ ली, इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ लेकर कार्यक्रम को विशेष स्वर दिया। इसके पश्चात मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा ने भी मंत्रिपद की शपथ ग्रहण की।
