ऋषिकेश। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा विद्युत खेल नियंत्रण बोर्ड (पीएससीबी), विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित 31वीं इंटर–सेंट्रल पावर सेक्टर अंडरटेकिंग्स (आईसीपीएसयू) शतरंज प्रतियोगिता का सफल समापन शनिवार को को टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, ऋषिकेश में संपन्न हुआ।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित अनुकरणीय खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीएचडीसीआईएल खेल एवं स्वास्थ्य की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है, जिससे न केवल कर्मचारियों का समग्र विकास होता है बल्कि विद्युत क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों के मध्य आपसी सौहार्द भी सुदृढ़ होता है।
समापन समारोह में डॉ. ए. एन. त्रिपाठी, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन–प्रशासन एवं केंद्रीय संचार) ने विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को बधाई देते हुए पूरे टूर्नामेंट के दौरान सभी टीमों की उत्साहपूर्ण सहभागिता एवं खेल भावना की प्रशंसा की।
प्रतियोगिता में विद्युत क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों की कुल 11 टीमों ने सहभागिता की।
पुरुष टीम शतरंज चैंपियनशिप में पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पीजीसीआईएल) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) द्वितीय एवं टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड तृतीय स्थान पर रहा।
पुरुष व्यक्तिगत शतरंज स्पर्धा में सौरभ बिस्वास (ग्रिड इंडिया) प्रथम, सौरभ धीमान (एसजेवीएनएल) द्वितीय तथा नागा पवन कल्याण कुमार (पीजीसीआईएल) तृतीय स्थान पर रहे।
महिला टीम शतरंज चैंपियनशिप में पीजीसीआईएल ने प्रथम, एनएचपीसी ने द्वितीय तथा ग्रिड इंडिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
महिला व्यक्तिगत शतरंज स्पर्धा में सुश्री लिया जॉर्ज (एनएचपीसी) प्रथम, सुश्री हिमांशी (पीजीसीआईएल) द्वितीय एवं सुश्री कमलेश (पीजीसीआईएल) तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन ए. के. विश्वकर्मा, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन–कल्याण) द्वारा प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन स्विस प्रणाली के अंतर्गत, फीडे (एफ.आई.डी.ई.) के समस्त नियमों एवं विनियमों के अनुरूप किया गया।
प्रतियोगिता का संचालन सुश्री स्वाति भट्ट (अंतरराष्ट्रीय निर्णायक), संकल्प अरोड़ा (फीडे निर्णायक) एवं सुश्री प्रकृति मनोध्या (फीडे निर्णायक) द्वारा किया गया।
टूर्नामेंट में विद्युत मंत्रालय, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए), बीबीएमबी, डीवीसी, ग्रिड इंडिया, एनएचपीसी, पीएफसी, पीजीसीआईएल, आरईसी, एसजेवीएनएल एवं टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की टीमों ने सहभागिता की।
