चंडीगढ़। हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) की कार्यकारी शाखा और इससे जुड़े सेवाओं के 102 पदों की भर्ती में सरकारी कर्मचारियों को आयु सीमा में तीन साल की छूट मिलेगी।
सरकारी विभागों और उच्च न्यायालय या उसके अधीनस्थ किसी भी न्यायालय के कर्मचारी (अस्थायी को छोड़कर), जो चार साल की सेवाएं पूरी कर चुके हैं, उन्हें 45 वर्ष की आयु तक आवेदन करने की छूट होगी। इन्हें अपने कार्यालय के प्रमुख के माध्यम से हरियाणा लोकसेवा आयोग को अपने ऑनलाइन आवेदन का प्रिंटआउट जमा करना होगा।
भर्ती के लिए शुक्रवार को ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए जो 26 फरवरी तक चलेंगे। अप्रैल में प्रारंभिक और जून में मुख्य परीक्षा कराई जाएगी। अगस्त-सितंबर में इंटरव्यू का शेड्यूल है। सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष रखी गई है, जबकि आरक्षित वर्ग को पांच साल की छूट दी जाएगी।
भर्ती में सामान्य वर्ग के लिए 46 पद रखे गए हैं, जबकि अनुसूचित जाति के लिए 23 पद (डीएससी व ओएससी), पिछड़ा वर्ग (बीसी-ए व बीसी-बी के लिए 22 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 11 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा पूर्व सैनिकों (ईएसएम) के पांच पद और दिव्यांग श्रेणी के सात पद हैं।
कृषि विकास अधिकारियों के 100 पदों की भर्ती रद
हरियाणा लोक सेवा आयोग ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में कृषि विकास अधिकारी (मृदा संरक्षण/मृदा सर्वेक्षण) के 100 पदों की भर्ती रद कर दी है। इन पदों के लिए विज्ञापन संख्या 15/2022 के तहत 24 जून 2022 को भर्ती विज्ञापन जारी किया गया था।
आयोग ने प्रशासनिक कारणों से इस भर्ती विज्ञापन को वापस लेते हुए घोषणा की है कि उम्मीदवारों द्वारा जमा की गई फीस वापस कर दी जाएगी। इस संबंध में आयोग द्वारा कोई पत्राचार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
