नोएडा पुलिस ने शनिवार को 50 हजार के इनामी बदमाश को मार गिराया है. मामला थाना सेक्टर-126 क्षेत्र का है. यहां पुलिस कमिश्नरेट की सीआरटी टीम और स्थानीय थाने की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई. इस खौफनाक मुठभेड़ में 50,000 रुपये का इनामी कुख्यात रणदीप भाटी गैंग का शातिर शूटर ढेर हो गया. इस गोलीबारी की घटना में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 को थाना सेक्टर-126 पुलिस और सीआरटी टीम संयुक्त रूप से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम को चकमा देकर भागने की कोशिश की.
पुलिस पर करने लगा फायरिंग
जान से मारने की नियत से पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने सूझबूझ और बहादुरी दिखाते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ से हुई इस भीषण फायरिंग में अपराधी के साथ-साथ दो से तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए. सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल अपराधी को मृत घोषित कर दिया.
मुजफ्फरनगर का रहने वाला था माया त्यागी
मुठभेड़ में मारे गए अपराधी की पहचान अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी पुत्र धनेश, निवासी ग्राम छपार (थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृत अपराधी के खिलाफ विभिन्न जनपदों के थानों में हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य संगीन धाराओं में 20 से अधिक गंभीर अभियोग पंजीकृत थे. वह वर्तमान में थाना बादलपुर पर दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया था.
घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट द्वारा बारीकी से निरीक्षण किया गया है. पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्टल, खोखा कारतूस और इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है.
