चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बंगाल में डबल इंजन की सरकार का मॉडल समझाया। सोमवार को 24 परगना में निकाली परिवर्तन संकल्प यात्रा में शामिल नायब सैनी ने कहा कि बंगाल सरकार ने जानबूझकर गरीबों तक आयुष्मान भारत योजना का लाभ नहीं पहुंचने दिया है।
नायब ने कहा कि हरियाणा छोटा राज्य होने के बावजूद डबल इंजन सरकार के चलते विकास और जनकल्याण के कई महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। जब सरकार की नीयत साफ और नीतियां जनहित में बनाई जाती हैं, तो उनका लाभ सीधे जनता तक पहुंचता है। इसके उलट बंगाल में किसानों को सुविधाएं नहीं हैं और न उन्हें बाजार मिल रहा।
उन्होंने कहा कि बंगाल का युवा बेरोजगार हैं। भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण व हिंसा का बोलबाला है। ममता सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं व चक्रवात से होने वाले नुकसान की भरपाई भी नहीं की।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बंगाल सरकार ने घुसपैठियों के लिए सुरक्षित जगह बनाई है। सरकार की गलत नीतियों के कारण लोकतंत्र खतरे में है। मुख्यमंत्री महिला होने पर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं और उन पर अत्याचार हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देश की राष्ट्रपति का बंगाल की भूमि पर अपमान हुआ है। आगामी चुनाव में जनता विशेषकर महिलाएं बंगाल सरकार को सबक सिखाने का कार्य करेगी।
