समालखा/पानीपत। पट्टीकल्याणा के माधव सृष्टि में 13 से 15 मार्च तक होने वाली अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक को लेकर सरसंघचालक मोहन भागवत पहुंच चुके हैं। वह 17 मार्च तक रहेंगे। आरएसएस कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी आने शुरू हो गए हैं।
बैठक में 2025-26 के संघ के कार्यों की समीक्षा व प्रांतों में हुए विशेष कार्यों पर मंथन किया जाएगा। वहीं, वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य पर चर्चा करने के साथ महत्वपूर्ण विषयों पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। उनमें भी पंच परिवर्तन कार्य के प्रयासों पर चर्चा अपेक्षित है। संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक हर वर्ष होती है। सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले आदि संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी बैठक को संबोधित करेंगे। देश के हर प्रांत से संघ के कार्यकर्ता और पदाधिकारी इसमें भाग लेंगे।
जीटी रोड से लेकर सृष्टि केंद्र के बीच सुरक्षा की दृष्टि से जगह-जगह पुलिस नाके लगाए हैं। लोक निर्माण विभाग की ओर से रोड का कायाकल्प किया गया है। रोड से केंद्र के बीच करीब एक किलोमीटर के दायरे में हर 100 मीटर की दूरी पर पुलिस की ड्यूटी लगी है। पानीपत और समालखा के सफाई कर्मचारियों को बुलाकर सफाई करवाई है।
आरएसएस रोड को संघ के फ्लैग से सजाया है। माधव सृष्टि के अंदर संघ के अलावा केवल व्यवस्था में जुटे कर्मचारियों और अधिकारियों को ही आने-जाने दिया जा रहा है। सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। पीने के पानी की जगह-जगह व्यवस्था की है। संघ के अधिकारी की ओर से बुधवार को बैठक के बारे में जानकारी दी जाएगी।
