लुधियाना। पंजाब में गैंगस्टर गतिविधियों और लगातार मिल रही धमकियों के बीच आम आदमी पार्टी (आप) विधायक की सुरक्षा अचानक बढ़ा दी गई है। इंटेलिजेंस इनपुट मिलने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई और एहतियातन विधायक व उनके निवास की सुरक्षा व्यवस्था को दोगुना कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, विधायक को सीधे तौर पर कोई धमकी भरा कॉल या संदेश प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन इंटेलिजेंस एजेंसियों को मिले इनपुट में संभावित हमले की आशंका जताई गई है। इनपुट साझा होते ही पुलिस ने बिना देरी कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त गनमैन तैनात कर दिए हैं।
विधायक के घर के बाहर अब स्थायी रूप से दो पीसीआर वाहन तैनात किए गए हैं। इसके अलावा थाने और संबंधित चौकी से अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर भेजा गया, जिसने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
सूत्रों के मुताबिक अब विधायक के निवास पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान की पुष्टि के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बेहद सतर्क रुख अपनाए हुए है और पूरे मामले को संवेदनशीलता के साथ हैंडल किया जा रहा है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि किसी प्रकार की सीधी धमकी नहीं मिली है, लेकिन इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। एहतियाती कदम उठाए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हालांकि, इस पूरी कार्रवाई को गोपनीय रखा गया है और आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा रही, लेकिन सुरक्षा इंतजामों में हुए अचानक इजाफे से साफ है कि पुलिस किसी भी संभावित खतरे को हल्के में लेने के मूड में नहीं है।
