बठिंडा। बठिंडा की विशेष अदालत में हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत मानहानि मामले के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश हुईं। इस दौरान अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 24 फरवरी की तारीख निर्धारित की।
यह मानहानि मामला वर्ष 2021 में बठिंडा जिले के बहादुरगढ़ जंडियां गांव की निवासी 70 वर्षीय महिंदर कौर द्वारा दर्ज कराया गया था। शिकायत के अनुसार, कंगना रनौत ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में महिंदर कौर को गलत तरीके से शाहीन बाग आंदोलन की प्रदर्शनकारी बिलकिस बानो बताया था।
साथ ही यह टिप्पणी की थी कि किसान महिलाओं को 100 रुपये के बदले प्रदर्शन के लिए किराये पर लाया जा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस टिप्पणी से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और सम्मान को ठेस पहुंची। मामले में इससे पहले कई पेशियों पर कंगना रनौत अदालत में उपस्थित नहीं हुईं और व्यक्तिगत पेशी से छूट मांगी थी।
एक बार अदालत में पेश होने के बाद उन्हें व्यक्तिगत पेशी से छूट दे दी गई थी। इसी कारण मंगलवार को उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में हाजिरी लगाई। मंगलवार को पीड़ित पक्ष की ओर से कुछ गवाह पेश किए जाने थे। पीड़ित महिंदर कौर के वकील रघवीर सिंह बहिणीवाल ने बताया कि मानहानि मामले की अगली सुनवाई 24 फरवरी को होगी।
