नई टिहरी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून के तत्वावधान में बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी–जी राम जी अधिनियम)’ विषय पर मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ आयोजित की गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य योजना के प्रावधानों और लाभों को मीडिया के माध्यम से आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना था।
कार्यशाला का शुभारंभ और मुख्य संदेश
मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के लिए रोजगार और आय सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अधिनियम के तहत रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ टिकाऊ ग्रामीण अवसंरचना के निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
जिलाधिकारी और अधिकारियों का दृष्टिकोण
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में आने वाली व्यवहारिक समस्याओं को शासन स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि लाभ पात्रों तक योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से पहुंचे। उन्होंने मीडिया से योजना की सही और सकारात्मक जानकारी आमजन तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की। सहायक निदेशक पीआईबी संजीव सुंद्रियाल ने बताया कि योजना का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और परिवारों की आय सुरक्षा को मजबूत करना है। योजना के तहत प्रति ग्रामीण परिवार रोजगार गारंटी को 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है, जिससे आय सुरक्षा में वृद्धि होगी।
योजना के महत्वपूर्ण प्रावधान
जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम ने बताया कि यह योजना अकुशल श्रमिकों को भी रोजगार की कानूनी गारंटी प्रदान करती है। रोजगार मांगने पर 15 दिनों के भीतर कार्य उपलब्ध कराना अनिवार्य है, अन्यथा बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। योजना में समान कार्य के लिए समान मजदूरी, महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी तथा मजदूरी मद का शत-प्रतिशत व्यय केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाता है। अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई अविनाश सैनी ने ग्रामीण सड़क योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
उपस्थित अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि
कार्यशाला का संचालन वरिष्ठ पत्रकार देवेन्द्र दुमोगा ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, सहायक निदेशक पीआईबी संजीव सुंद्रियाल, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई अविनाश सैनी, न्यू टिहरी प्रेस क्लब अध्यक्ष अनुराग उनियाल, महामंत्री विजय गुसांई, विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान बलवंत रावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
