सीतापुर : सदरपुर थाना क्षेत्र के सरैंया चलाकापुर में शनिवार शाम आई तेज आंधी-तूफान और रिमझिम बारिश के बाद एक घर में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते 15 घरों को अपनी चपेट में ले लिया. आग से एक घर में मौजूद मां-बेटी की जिंदा जलकर मौत हो गई. जबकि गंभीर रूप से झुलसी एक बच्ची को इलाज के लिए सीएचसी बिसवां भेजा गया है. हालत गंभीर बनी हुई है. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. सूचना पर एसडीएम राजस्व टीम व पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की.
सरैंया चलाकापुर के राजाराम पुत्र नत्थाराम के घर में खाना बनाते समय सिलेंडर से भीषण आग लग गई. घर में मौजूद बाराबंकी के थाना बड्डूपुर के ग्राम जगईपुर निवासी शत्रोहन की सास इदुरा (75) पत्नी भगौती प्रसाद, फूलमती (55) पत्नी शत्रोहन की मौके पर मौत हो गई. जबकि माही (7) पुत्री सुरेंद्र गंभीर रूप से झुलस गई.
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और तीनों को सीएचसी बिसवां भेजा. डॉक्टरों ने दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया. जबकि गंभीर रूप से झुलसी बच्ची को जिला अस्पताल रेफर कर दिया. अग्निकांड में राजाराम, शत्रोहन लाल, अवधराम, वीरेश, हरिश्चंद्र, झब्बूलाल, देशराज, श्रीराम, सावन, राजू, रामलाल, अशोक कुमार, सुरेश प्रकाश, रमेश प्रकाश के घर जलकर खाक हो गए.
सूचना पर एसडीएम बालकृष्ण, लेखपाल पुर्णेंद्र प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. राजस्व टीम ने अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन किया. वहीं विधायक आशा मौर्या ने भी मौके पर पहुंच अग्निकांड पीड़ितों से मुलाकात की और हर संभव सहायता किए जाने का आश्वासन दिया.
क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया की गैस सिलेंडर से आग लगने की बात सामने आ रही है. हादसे में दो लोगों की मौत हुई है. जबकि एक बच्ची घायल है. स्थिति सामान्य होने पर सभी पहलुओं पर जांच की जाएगी.
