यूपी के मथुरा में दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर आगरा की ओर जाने वाले मार्ग पर सोमवार की सुबह हाईवे पर एक बहुत बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां गोकुल रेस्टोरेंट के पास स्थित पुल पर ट्रैक्टरों से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर की रेलिंग के बीच लटक गया है। पुल के नीचे सर्विस रोड होने के कारण स्थिति बेहद खतरनाक हो गई, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। गनीमत रही कि ट्रेलर नीचे गिरते-गिरते रुक गया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हादसे के बाद बड़ी चुनौती ट्रेलर को रेलिंग से निकालने की है। ट्रेलर पर कई ट्रैक्टर लदे हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार हादसे में चालक घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे पेट्रोलिंग टीम के एक सदस्य ने बताया कि पता चला है कि ट्रेलर के ड्राइवर और परिचालक अस्पताल में भर्ती हैं। सूचना मिली थी कि एक एक्सीडेंट हुआ है। अभी स्थिति यह है कि गाड़ी के मालिक से बात हुई है। गाड़ी को हटवाना है। क्रेन हमारे पास है, मालिक के आते ही गाड़ी को हटाया जाएगा। वहीं क्रेन संचालक दल के एक सदस्य ने बताया कि ट्रेलर को निकालने के लिए सबसे पहले इस पर लदे ट्रैक्टरों को उतारना होगा। ट्रैक्टर लदे-लदे यदि ट्रेलर को निकालने का प्रयास किया तो निकालने वाली गाड़ी भी नीचे जा सकती है।
उन्होंने बताया कि ट्रेलर मालिक चाहते हैं कि ट्रैक्टर न उतारने पड़े जबकि यह संभव ही नहीं है कि ट्रैक्टर उतारे बिना ट्रेलर निकाला जा सके। फिलहाल ट्रेलर मालिक के मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। ट्रेलर के हाइवे की रेलिंग से लटकने के चलते नीचे सर्विस रोड और ऊपर पुल की सड़क पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके बावजूद लोग उधर से निकल रहे हैं। पेट्रोलिंग टीम के सदस्य ने बताया कि ट्रेलर को निकालने से पहले ट्रैफिक को बंद कर दिया जाएगा। सुरक्षित ढंग से ही ट्रेलर को निकाला जाएगा।
कैसे क्या हुआ?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग पर चढ़ गया और वहीं फंस गया। ट्रेलर पर कई ट्रैक्टर लदे थे, जिससे हादसे की गंभीरता बढ़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया, जिससे कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी। बाद में हादसे की जगह की बैरिकेडिंग करके ट्रैफिक चालू किया गया। ट्रेलर को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई, लेकिन हटाने की प्रक्रिया को लेकर विवाद हो गया।
क्रेन संचालकों का कहना था कि ट्रैक्टरों को पहले उतारना जरूरी है, अन्यथा संतुलन बिगड़ने से बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं फोन पर बात कर रहा ट्रेलर मालिक वाहन को मौजूदा स्थिति में हटाने की बात पर अड़ा रहा। इस पर क्रेन चालक ने खतरे को देखते हुए बिना ट्रैक्टर उतारे काम करने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में सुरक्षित तरीके से ट्रेलर को हटाने की तैयारी की जा रही है।
