उत्तर प्रदेश के पूर्व ऊर्जा मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड में आजीवन सजा काट रहे पूर्व विधायक विजय सिंह के फर्रुखाबाद के नाला मछरट्टा स्थित आवास पर जिस तरीके से तेज धमाका हुआ उसकी आवाज एक किलोमीटर एरिया में सुनायी पड़ी। धमाका इतना तेज था कि चार मंजिला भवन की खिड़कियों के शीशे टूट गये और बेसमेंट की छत भी उड़ गयी। आस पास के लेाग समझ भी नहीं पाये कि आखिरकार यह धमाका कैसे हुआ। इधर उधर जानने को लोग दौड़ पड़े। बाद में पूरी स्थिति की जानकारी लोगों को हो सकी। शाम करीब 7:30 बजे पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर उनकी पत्नी पूर्व पालिकाध्यक्ष दमयंती सिंह, पुत्र अविनाश उर्फ विक्की, अभिषेक उर्फ सिक्की, रासू निवासी मित्तू कूंचा के अलावा, नूरपुर निवासी पूर्व प्रधान भइयालाल, नाला मछरट्टा निवासी ईशू मौजूद थे। शाम को अचानक तेज धमाका हुआ। इस पर सभी लोग भयभीत हो गये।
धमाका इतना तेज था कि घर की दीवारें चटक गयीं और चार मंजिला भवन के शीशे टूट गए। रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गयी। धमाके की आवाज सुनकर आस पास के लोग दौड़ पड़े। हालांकि लोग घबराये हुये थे और यह जानने का प्रयास कर रहे थे कि आखिर कैसे धमाका हुआ। आधा घंटे में ही निवास पर भीड़ जुटने लगी। करीब 15 मिनट बाद पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। स्थानीय लोगों का कहना था कि धमाका इतना तेज था कि करीब एक किलोमीटर एरिया में उसकी आवाज सुनायी पड़ी। पड़ोस के घोड़ानखास, सेनापति मोहल्ले, लोहाई रोड के भी सैकड़ों लोग मोहल्ले में पहुंच गये। पूर्व विधायक के घर के सदस्य सभी घबराये थे। इसमें पूर्व विधायक के घायल दोनों पुत्रों और तीन अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भेजा गया। पुलिस भी जांच को पहुंची।
कैसे धमाका हुआ, जांच पड़ताल को पहुंची फॉरेंसिक टीम
पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर जो धमाका हुआ उसके बाद जांच करने को पुलिस और फारेंसिक टीम पहुंच गयी। सर्किल का पूरा फोर्स मौके पर बुला लिया गया था। पुलिस टीम ने चार मंजिला भवन के प्रत्येक हिस्से में जाकर जांच की। बेसमेंट पूरी तौर पर क्षतिग्रस्तथा। मलवा पड़ा हुआ था। इसके साथ ही खिड़कियोंं के शीशे भी टूट गये थे। धमाके की भयावहता को देखते हुये पुलिस भी काफी देर तक उलझी रही कि आखिरकार किन कारणों से यह धमाका हुआ है। घर की रसोई में भी जाकर पुलिस ने जांच की। जहां पर सिलेंडर सुरक्षित रखा हुआ था। ग्राउंड फ्लोर पर बेड रूम के आस पास भी सामान बिखरा हुआ था। इसके साथ ही दीवारें भी चटकीं थीं। धमाके की सूचना के बाद सबसे पहले सीओ सिटी कोतवाली के फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और जांच की। पूर्व पालिकाध्यक्ष दमयंती सिंह से भी जानकारी हासिल की गयी। अपर पुलिस अधीक्षक भी कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे।
ब्रह्मदत्त हत्याकांड में वाराणसी की जेल में सजा काट रहे विजय सिंह
पूर्व ऊर्जा मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड में पूर्व विधायक विजय सिंह वाराणसी जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। हाईकोर्र्ट ने ट्रायल कोर्ट की ओर से सुनायी गयी सजा को चुनौती देने वाली अपील खारिज कर दी थी। इसके बाद पूर्व विधायक विजय सिंह को जेल भेज दिया गया था।
धमाके की भयावहता देख भयभीत हुए लोग
पूर्व विधायक के आवास पर हुये धमाके की भयावहता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उनके घर के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गये। सामान भी चारो तरफ बिखरा हुआ पड़ा था। आस पास के मकान भी हिल गए। इसे देखकर लोग भयभीत हो गये। शाम करीब 7:30 बजे हुयी इस घटना के बाद आस पास के लोगों में भगदड़ मच गयी। कुछ देर बाद ही सड़क पर आवागमन हुूआ और लोग पूर्व विधायक के आवास की ओर निकल पड़े।
छावनी में बदला इलाका, नाला मछरट्टा रोड बंद किया
पूर्व विधायक विजय सिंह के घर पर मंगलवार की शाम जो तेज विस्फोट हुआ उसको देखते हुये नाला मछरट्टा का पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया। घटना के बाद पुलिस की टीम जांच करने के लिए दौड़ पड़ी। पूर्व विधायक के घर के बाहर एलो टेप लगा दिया गया। बाहरी को रोक दिया गया।इस बीच सिटी सर्किल का फोर्स पहुंच गया। पूरे घर की पड़ताल शुरू कर दी गयी है। विस्फोट के कारण तलाशे जा रहे हैं। आठ बजे के बाद नाला मछरट्टा का रोड भी बंद कर दिया गया। जो लोग इस ओर से निकलने वाले थे उन्हेंदूसरी ओर से भेजा गया। लोग यह जानने को परेशान थे कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल इस ओर क्यों है।
