शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश का वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। पहली बार बजट का आकार कम हुआ तौ वहीं, पहली बार बजट भाषण के दौरान आधा घंटा व्यवधान भी पड़ा। सीएम के विपक्ष पर टिप्पणी के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। विपक्ष के लगातार हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवावही 11:30 बजे तक स्थगित कर दी। आधे घंटे बाद जब कार्यवाही सुचारू हुई तो सीएम सुक्खू ने कम बजट के बावजूद कई बड़ी घोषणाएं कर लोगों को साधने का प्रयास किया।
बजट के दौरान विधानसभा में ब्रेक ली गई है, 2:30 तक के लिए विधानसभा की कार्यवाही स्थगित की गई। सीएम सुक्खू ने 4 घंटे 9 मिनट और 33 सेकंड बजट भाषण पढ़ा।
हिमाचल सरकार का बजट, आय और खर्च
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 54 हजार करोड़ रुपये का बजट पारित किया है, 6577 करोड़ रुपये अनुमानित घाटा है। 40361 करोड़ रुपये की आय और 46,938 खर्च होगा। 100 में से 27 प्रतिशत वेतन, 21 प्रतिशत पेंशन, ब्याज 13 व ऋण 9, पूंजीगत कार्य पर 20 प्रतिशत खर्च होगा।
छह महीने के लिए सैलरी में कट
मुख्यमंत्री के वेतन में 50 प्रतिशत कट लगेगा। मंत्रियों के वेतन में 30 प्रतिशत और विधायकों के वेतन 20 प्रतिशत कट लगेगा।
आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों के वेतन में भी छह माह के लिए 30 प्रतिशत कट लगेगा। ग्रुप सी और डी के कर्मचारियों का वेतन नहीं कटेगा। पेंशनरों के भुगतान में कोई कटौती नहीं होगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया
आंगनबाड़ी केंद्र कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है। मिड डे मिल वर्कर्स को 5500 रुपये मिलेंगे। विभिन्न आंगनबाड़ी और आशा वर्कर्स के वेतन में एक हज़ार रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की गई है। एसएमसी शिक्षकों, आईटी शिक्षकों के साथ-साथ शिक्षा विभाग वाटर कैरियर, पंचायती चौकीदार, मल्टी टास्क वर्कर्स के वेतन में 500 रुपये की वृद्धि की घोषणा की है।
सीएम सुक्खू ने एलान किया है कि कर्मचारियों को स्टडी लीव के दौरान अब पूरा वेतन मिलेगा।
विधायक निधि की आधी
विधायक क्षेत्र विकास निधि जो पहले 2.20 करोड़ दी जाती है, अब इसे घटाकर एक करोड़ 10 लाख रुपये कर दिया है। विधायक प्राथमिकता प्रति विधानसभा क्षेत्र 200 करोड़ से बढ़कर 225 करने की घोषणा की गई।
परमवीर चक्र संजय कुमार करेंगे युवाओं को प्रोत्साहित
परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार से आग्रह किया है कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं को प्रोत्साहित करें। उन्होंने यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। उन्हें सम्मान स्वरूप प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
साइबर मित्र भर्ती होंगे
मुख्यमंत्री की ओर से साइबर सुरक्षा हिमाचल प्रदेश में साइबर मित्र के पद भरने की घोषणा की गई। साइबर सुरक्षा को स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के उद्योग क्षेत्र के लिए नई नीति बनाने की घोषणा की गई। रेशम उत्पादन के लिए प्रतिवर्ष 2 करोड़ के बजट के साथ हिम सिल्क योजना शुरू करने की घोषणा की।
तीन नए शहर बसेंगे
मुख्यमंत्री सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में 3 नए शहर बसाने की घोषणा की है। कांगड़ा में एयरपोर्ट के पास एयरो सिटी बसेगी। जिला सोलन के बद्दी व मोरनी में हिम चंडीगढ़ व हिम पंचकूला सिटी बसेगी।
स्टील के टैंक बनेंगे
सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में अब स्टील के जल भंडारण टैंक बनेंगे। ब्लीचिंग पाउडर का 1000 योजनाओं में प्रयोग नहीं होगा।
निकायों में बायोगैस संयंत्र स्थापित होंगे
सीएम सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के 46 नगर निकायों में बायोगैस संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। शहरी विकास विभाग में 542 करोड़ का प्रविधान किया जाएगा।
खेलो हिमाचल, चिट्टा मुक्त अभियान में जुड़ेंगे 50 हजार युवा
खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान शुरू किया जाएगा। युवाओं में नशे की लत दूर करने के लिए वालीबाल, क्रिकेट व कबड्डी प्रतियोगिताएं होंगी। 15 से 35 वर्ष की आयु के 50,000 युवा शामिल होंगे, इसके लिए अलग से कैलेंडर बनेगा।
50 महिला इंस्पेक्टर की सीधी भर्ती
सीएम ने कहा कि 50 महिला इंस्पेक्टर की सीधी भर्ती होगी। 1000 कांस्टेबल की अतिरिक्त भर्ती की जाएगी। स्कूलों में मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध, साइबर अपराध पर स्कूलों में जागरूकता अभियान चलेंगे।
स्वाभिमान योजना शुरू होगी
बीपीएल परिवार की बेटियों को विवाह के लिए 51,000 की राशि दी जाएगी। शोषण पीड़ित बालिका महिलाओं के लिए नई स्वाभिमान योजना की शुरुआत की जाएगी।
बाल आश्रमों के लिए दो-दो करोड़ की घोषणा
कोटला बड़ोग सिरमौर में प्रदेश में एक मॉडल डी-एडिक्शन केंद्र को विकसित किया जा रहा है। प्रदेश के बाल आश्रम को रेनोवेशन के लिए 2 करोड़ प्रति आश्रम की घोषणा की गई।
दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाई
100 प्रतिशत दिव्यांगजनों की पेंशन को 1700 से बढ़ाकर 3000 रुपये किया जाएगा। प्रदेश में इनकी संख्या 7 हजार है। मुख्यमंत्री सशक्तिकरण योजना में 3 लाख का ऋण 4 प्रतिशत ब्याज पर दिया जाएगा।
एक लाख महिलाओं को 1500 रुपये और मुफ्त बिजली
सीएम ने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तीसरे चरण की घोषणा की। 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। एक लाख महिलाओं को निधि दी जाएगी। जो मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना में शामिल होंगी, इन परिवारों को 300 यूनिट निःशुल्क बिजली।
एक की संपत्ति खरीदने पर 4 प्रतिशत रजिस्ट्री फीस
एक करोड़ की संपत्ति खरीदने पर हिमाचली महिलाओं की केवल चार प्रतिशत रजिस्ट्री फीस लगेगी, जबकि बाकियों के लिए आठ प्रतिशत है
शिक्षा विभाग को 9660 करोड़ का बजट
शिक्षा विभाग को 9660 करोड़ रुपये के बजट का एलान किया। 75 से कम विद्यार्थियों वाले कॉलेज के विद्यार्थियों को जिला मुख्यालय के कॉलेज में दाखिला लेने पर 5 हजार का स्टाइपेंड मिलेगा। कॉलेजो में सेमेस्टर सिस्टम शुरू होगा। हमीरपुर में साइंस व गुलेर में फाइन आर्ट कॉलेज खुलेगा। कॉलेज में मल्टीपल एंट्री व एक्सिट कार्यक्रम शुरू होगा। अगले साल 150 और सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्धता दिलाई जाएगी।
डिजिटल पर्यटन इंटेलिजेंस सिस्टम
सीएम सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 11 करोड़ पर्यटकों का आगमन रिकॉर्ड किया गया है। हिमाचल प्रदेश में डिजिटल पर्यटन इंटेलिजेंस सिस्टम डेवलप करने का प्रस्ताव लाया।
मुख्यमंत्री मछुआरा योजना शुरू करने की घोषणा
प्रदेश में पहली बार हिमाचल प्रदेश में जलाशयों की मछलियों के लिए MSP ₹100 प्रति किलो करने की घोषणा की है। मछली की नीलामी ₹100 से कम होने पर ₹20 तक का अनुदान डीबीटी के माध्यम से दिया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में 100 नई ट्राउट इकाइयां स्थापित की जाएगी
बरसात में मछुआरों को सम्मान निधि
बरसात के मौसम में मछुआरों को 3501 रुपये की एक मुश्त सम्मान निधि की घोषणा की है। मछली पकड़ने के लिए जल पर 90% तक का अनुदान डीबीटी के माध्यम से मिलेगा। प्रदेश में मछुआरों को नाव की खरीद कर 70 फ़ीसदी का अनुदान डीबीटी के माध्यम से देने की घोषणा की है।
हमीरपुर में एक्वा पार्क
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में 25 करोड़ की लागत से एक्वा पार्क बनाने की घोषणा की है।
पोल्ट्री फार्म पर सब्सिडी
पोल्ट्री फार्म को विकसित करने के लिए उड़ान योजना के तहत पीपीपी मोड पर विकसित करने का प्रस्ताव लाया जाएगा। प्रत्येक पोल्ट्री फार्म यूनिट को भूमि पर 30% की सब्सिडी दी जाएगी। इसके लिए अलावा बैंक सहायता में भी सब्सिडी की घोषणा।
प्राकृतिक फसल को दाम
प्राकृतिक गेहूं को 60 से बढ़ाकर 80 रुपये, मक्की 40 से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलो ग्राम खरीदी जाएगी। इसके अलावा हल्दी का समर्थन मूल्य ₹90 से बढ़कर ₹150 प्रति किलोग्राम किया जाएगा।
अदरक का समर्थन मूल्य को पहली बार 30 रुपए प्रति किलो प्रदान करने
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती
बजट में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की ओर कदम बढ़ाया है। गाय व भैंस के दूध में 10 रुपये की बढ़ोतरी के साथ गद्दी समुदाय के लिए 300 करोड़ रुपये की पहल स्कीम की घोषणा की है। चरवाहों को मिलेगा डिजिटल कार्ड, जिसमें सारा रिकॉर्ड होग।
दूध का मूल्य बढ़ाया
सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में दूध खरीद 4 करोड़ लीटर से 8 करोड़ लीटर हो गई है। सीएम ने किसानों को सौगात देते हुए गाय के दूध का मूल्य 51 से बढ़ाकर 61 रुपये किया। भैंस के दूध का मूल्य 61 से 71 रुपये किया, प्रति लीटर 10 रुपये की वृद्धि की है।
बजट का आकार कम किया
सीएम ने कहा कि बजट के आकार को कम करना पड़ रहा है, जो 58,000 करोड़ से अधिक था, अब 54928 करोड़ का बजट है। 2026- 2027 के कुल बजट का आकार 3586 करोड़ रुपये कम किया गया। यह पहली बार है जब बजट का आकार बढ़ाने के स्थान पर कम किया गया है।
300 अधूरे कार्यों के लिए 500 करोड़
सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में जनहित से जुड़े 300 परियोजनाओं का चयन किया गया है। यह वह परियोजनाएं हैं, जिनका काम 70 फीसदी पूरा हो चुका है। उन्हें इसी वर्ष में जल्द पूरा करने के लिए 500 करोड़ रुपये का प्राविधान।
गारंटियां पूरी होंगी
युवाओं के स्वरोजगार के लिए 650 करोड़ रुपये के राजीव गांधी स्टार्टअप योजना की शुरुआत की गई। सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से इंग्लिश मीडियम शुरू किया, प्रदेश की महिलाओं को चरणों तरीके से ₹15 प्रति महीना देने की शुरुआत की आरडीजी बंद होने से इन फ़ैसलों को बदल दिया जाएगा तो इस बजट के माध्यम से मैं स्पष्ट करना चाहूंगा कि हम अपनी सभी घोषणाओं और 10 गारंटियों को 100% पूर्ण करेंगे।
व्यर्थ के संस्थानों को बंद करना होगा
साधनों के सही इस्तेमाल का समय है। व्यर्थ के संस्थानों को बंद करना होगा। केंद्र से मिलने वाला पैसा कोई ग्रांट नहीं, बल्कि 50 सालों के लिए मिलने वाला लोन है। यानी प्रदेश को और अधिक भार तले डालने का काम होगा।
वन के बदले ग्रीन बोनस मिलना चाहिए
सीएम ने कहा कि कुछ लोग हिमाचल की तुलना उत्तराखंड व असम से करते हैं, दोनों राज्यों का बड़ा क्षेत्र मैदानी है। हमें वन के बदले ग्रीन बोनस मिलना चाहिए था, पानी का मूल्य कोयले की तरह मिले, रायल्टी के नाम पर ठगा जा रहा, शानन वापस नहीं दिया जा रहा। जीएसटी में भी भेदभाव किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश के जो बिजली प्रोजेक्ट 40 साल पूरे कर चुके हैं, जो फ्री हो चुके हैं, उन्हें भी हिमाचल को वापस नहीं किया जा रहा है।
निलंबन प्रस्ताव लाओ
आज तक के इतिहास में पहली बार हुआ है जब बजट के शुरू होते ही विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी है। नारेबाजी के बीच मुख्यमंत्री ने बजट भाषण पढ़ना शुरू किया। सीएम ने कहा कि रेवेन्यू सरप्लस हो ही नहीं सकता। इसके कारण हैं पहाड़ी राज्य होने के नाते साधन सीमित हैं।
लगातार जारी हंगामे पर मुख्यमंत्री ने कहा ऐसे नहीं चलेगा निलंबन का प्रस्ताव लाओ।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले कह रहे हैं कि अधिकारियों ने बजट बनाने में सहयोग किया, अब कह रहे हैं बजट मैंने बनाया।
शब्द बजट बुक से हटाया
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिस शब्द से नेता प्रतिपक्ष आहत हुए उसे बजट बुक व कार्रवाई से निकाल दिया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष के आसन के पास नारेबाजी
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मुझे खेद है, सभी को बोलने का बराबर मौका दिया जा रहा है। किसी शब्द से आपत्ति है तो उसका तरीका है। भाजपा सदस्य दोबारा सदन में पहुंचे, कहा कि जब सदन को स्थगित कर दिया है तो कैसे सदन चल रहा है। सभी भाजपा विधायक अध्यक्ष के आसन के समीप आकर नारेबाजी शुरू कर दी।
सीएम की टिप्पणी पर घमासान
सीएम सुक्खू ने कहा कि विकट परिस्थिति में विपक्ष ने सरकार का साथ नहीं दिया, उन पर टिप्पणी की, इस पर हंगामा शुरू हो गया। विपक्ष ने खड़े होकर आपत्ति जताई। सभी वेल में आकर नारेबाजी करना शुरू कर दिया है। भाजपा का आरोप है कि मुख्यमंत्री ने असंसदीय भाषा का प्रयोग किया है।
बजट भाषण के शब्दों पर आपत्ति
भाजपा विधायकों ने सदन में नारेबाजी करना शुरू कर दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष को अपनी सीटों पर बैठने का आग्रह किया और उन अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की, जिन्होंने इन शब्दों को बजट भाषण में लिखा।
दुनिया युद्ध के मुंह पर खड़ी
सीएम ने कहा कि विश्व में हालात ठीक नहीं हैं। इस कारण पेट्रोल डीजल की आपूर्ति प्रभावित हुई है। आज दुनिया तीसरे महायुद्ध के मुंह पर खड़ी है, तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। महंगाई बढ़ रही है। गरीब लोगों को घर चलाना मुश्किल होगा
11:04 बजे बजट पढ़ना किया शुरू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 11:04 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट भाषण पढ़ना शुरू किया। सीएम सुक्खू ने कहा कि ऐसे समय में बजट पेश किया जा रहा, जब आरजीडी को बंद किया गया। मैं पूरी टीम को बधाई देता हूं। मेरी रात को नींद टूट जाती थी कि कैसे जनकल्याण किया जाएगा। 8 से 10 दिन सभी ने बजट बनाने की मदद की।
गत वित्त वर्ष का बजट
पिछले वर्ष 58,514 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया था। मौजूदा परिस्थितियों के बीच सरकार ने बजट का आकार कम कर दिया है।
