देहरादून। जनपद उत्तरकाशी के बड़कोट एवं चिन्यालीसौड में शीघ्र ही हेली सेवा शुरू की जाएगी। इसके साथ ही उत्तरकाशी से चिन्यालीसौड होते हुए चंडीगढ़ के लिए नियमित उत्तराखंड रोडवेज बस सेवा भी प्रारंभ की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन दोनों विषयों पर संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यह आश्वासन भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन के बाद दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और जनहित को ध्यान में रखते हुए हेली सेवा एवं बस संचालन की मांग रखी थी।
मनवीर सिंह चौहान ने बड़कोट हेलीपैड की चहारदीवारी एवं सड़क डामरीकरण के लिए ₹188.54 लाख की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हेली सेवा शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही आपदा के समय एवं गंभीर मरीजों की आपातकालीन शिफ्टिंग में भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी विकास परिषद और स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग रही है कि उत्तरकाशी से चंडीगढ़ के लिए कोई सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू की जाए। वर्तमान में बस सेवा न होने के कारण लोगों को चंडीगढ़ आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, विशेषकर पी.जी.आई. चंडीगढ़ में उपचार के लिए जाने वाले सैकड़ों मरीजों को।
मीडिया प्रभारी श्री चौहान ने कहा कि उत्तरकाशी से चिन्यालीसौड होते हुए चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू होने से क्षेत्रवासियों, प्रवासियों और मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही यह सेवा रिवर्स पलायन को भी प्रोत्साहित करेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने दोनों मांगों पर गंभीरता दिखाते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अंत में मनवीर सिंह चौहान ने जनहित से जुड़े इन निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
