पंचकूला। नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में हरियाणा भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में लगभग एक दर्जन विषयों पर डेढ़ घंटे तक मंथन चला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित तमाम दिग्गज नेताओं ने बिंदुवार हर मुद्दे को बैठक में रखा और गहनता से उस पर चर्चा की।
इस बैठक में वर्तमान में चल रहे सात कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। बैठक में अंबाला, सोनीपत तथा पंचकूला नगर निगम के चुनाव, हरियाणा के आगामी बजट, हरियाणा के राजनीतिक हालातों के साथ-साथ, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के हरियाणा दौरे को लेकर भी विस्तार से बातचीत की।
शनिवार सुबह 11 बजे शुरू हुई इस बैठक में सबसे पहले 12 जनवरी को भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के गुरुग्राम प्रवास की तैयारियों की रूपरेखा तैयार की गई। इसके बाद हरियाणा में आगामी नगर निगम निकाय चुनाव पर चर्चा की गई और इस पर कमेटी बनाने की बात हुई।
कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का गुरुग्राम में आयोजित युवा दिवस कार्यक्रम में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। बैठक में अंबाला, सोनीपत और पंचकूला में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर भी सभी नेताओं ने चर्चा की है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि हरियाणा में एसआइआर के लिए पार्टी तैयार है। हरियाणा में बीएलए -1 की नियुक्ति हो चुकी है और बीएलए-2 की प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विजन 2047 को ध्यान में रखते हुए बजट पूर्व चर्चा विभिन्न वर्गों में जाकर की है, बजट शानदार होगा।
बैठक में सरकार की योजनाओं पर चर्चा हुई और नायब सरकार के काम की बड़ाई की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा प्रदेश में भाजपा द्वारा विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
वीबी जीरामजी जागरण अभियान, अटल स्मृति वर्ष, एसआइआर पर गृहमंत्री अमित शाह के भाषणों को सुनने के कार्यक्रम, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और जीएसटी रिफार्म पर रखे गए कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया और प्रदेश भर में विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को भी उजागर किया।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हमारा फोकस अब स्थानीय नगर निकाय, नगरपरिषद जैसी संस्थाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने पर रहेगा। मुख्यमंत्री ने जिन संस्थाओं से जो सुझाव बजट के बारे में आए हैं उन्हें बैठक में रखा, साथ ही विधायकों और मंत्रियों को भी सुझाव मांगे जिससे सुशासन वाला बजट बन सके।
बैठक में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, पूर्व सांसद डा. सुधा यादव, सुनीता दुग्गल, प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
कांग्रेस अंधेरे में तीर मारती है: मनोहर लाल
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर तंज कसा और कहा कि कांग्रेस अंधेरे में तीर मारती है और केवल झूठ फैलाने का काम करती है। कांग्रेस के पास कोई मुद्दे नहीं होते, इसलिए लोगों को भ्रमित करने का काम कांग्रेस करती रहती है।
उन्होंने कहा कि जीरामजी योजना ऐतिहासिक योजना है, अब मजदूरों को 125 दिन का काम मिलेगा। यह योजना पूरी तरह से पारदर्शी है और ग्रामीण क्षेत्र में क्रांति लाने वाली योजना है।
