चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा विरोधी राजनीतिक दलों में बड़ी सेंधमारी करने की तैयारी में है। जननायक जनता पार्टी के विधायक रह चुके चौधरी ईश्वर सिंह को भाजपा में शामिल कर पार्टी ने इसकी शुरुआत कर दी है।
राज्य-जिला स्तरीय कमेटी का गठन
पूर्व राज्यसभा सदस्य ईश्वर सिंह और उनके परिवार के सभी राजनीतिक सदस्यों को भाजपा में शामिल कराते ही पार्टी ने राज्य व जिला स्तरीय ज्वाइनिंग कमेटियों का भी गठन कर दिया।
अभी तक भाजपा में जितनी भी ज्वाइनिंग होती थी, वह कुछ नेताओं की मर्जी से हो जाती थी, लेकिन अब पार्टी में होने वाली हर एक ज्वाइनिंग में संगठन का पूरा योगदान रहेगा। भाजपा संगठन को भरोसे में लिए बिना पार्टी में कोई ज्वाइनिंग नहीं होगी। यह कमेटियां किसी भी नई एंट्री के लिए पहले स्क्रीनिंग करेंगी, उसके बाद ही ज्वाइनिंग होगी।
संगठन की अनुमति बिना इंट्री नहीं
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने पिछले दिनों संकेत दिए थे कि विपक्ष के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं, लेकिन साथ ही यह भी कहा था कि वे हमारे मित्र भी हैं और अपने कामों के लिए हमसे मिलते रहते हैं। मुख्यमंत्री ने यह बात तब कही थी, जब कांग्रेस के एक विधायक उनके पास अपने काम से बैठे थे।
मुख्यमंत्री के इस संकेत के बड़े मतलब हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही पार्टी में राज्य व जिला स्तर पर ज्वाइनिंग हो सकती है। भाजपा पार्टी के उन नेताओं की घर वापसी का भी रास्ता तैयार कर रही है, जो टिकट नहीं मिलने अथवा विरोधियों को टिकट मिल जाने से नाराज थे और पार्टी संगठन को अलविदा कह चुके थे।
चार प्रमुख नेताओं को मिली जिम्मेदारी
भाजपा के यह बागी प्रवृत्ति के नेता अप्रत्यक्ष रूप से पार्टी के साथ हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं को भरोसे में लेने के लिए उनकी घर वापसी की विधिवत व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा भाजपा के प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया से सलाह मशविरा करने के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने जो राज्य स्तरीय ज्वाइनिंग कमेटी बनाई है, उसमें चार प्रमुख नेताओं को रखा गया है।
भाजपा संसदीय बोर्ड और चुनाव समिति की सदस्य डॉ. सुधा यादव, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर और पूर्व शहरी निकाय मंत्री सुभाष सुधा को राज्य स्तरीय ज्वाइनिंग कमेटी में शामिल किया गया है।
बागी नेताओं की घर वापसी का रास्ता तैयार
भाजपा के इन चारों वरिष्ठ नेताओं की सहमति के बाद ही पार्टी में कोई भी नई ज्वाइनिंग होगी। राज्य स्तरीय बागी नेताओं की घर वापसी पर भी यही कमेटी फैसला लेगी। जिला स्तरीय ज्वाइनिंग कमेटियों में दो से तीन नेताओं को शामिल किया गया है। इन जिला कमेटियों की खास बात यह है कि पार्टी ने नामचीन नेताओं को जिम्मेदारी देने की बजाय धरातल पर काम करने वाले नेताओं को ज्वाइनिंग कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।
इससे भाजपा के यह नेता स्वयं को सम्मानित महसूस कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पुनिया की ओर से जारी आदेश के मुताबिक पार्टी ने कुरुक्षेत्र जिले के लिए दीपक शर्मा और नवनिर्मित जिले हांसी के लिए सुनीता दांगी को जिला प्रभारी नियुक्त किया है।
