उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां ईद से ठीक एक दिन पहले एक प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान दे दी. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के कस्बा जौला निवासी अजमल अपनी 14 वर्षीय साली शहराना को कुछ दिन पहले अपने साथ लेकर घर से चला गया था. इस मामले में किशोरी के पिता हकीम ने बुढ़ाना थाने में अजमल के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इसके बाद से ही पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी. अजमल पहले से शादीशुदा था.
अजमल ने अपने रिश्तेदार को किया फोन
सूत्रों के मुताबिक, यह प्रेमी युगल पिछले दो दिनों से सहारनपुर जिले के नानौता क्षेत्र में कहीं ठहरा हुआ था. इस दौरान अजमल अपने रिश्तेदार रिजवान के लगातार संपर्क में था. शुक्रवार को उसने रिजवान को वीडियो कॉल किया और जहरीले पदार्थ (सल्फास) का पाउच दिखाते हुए आत्महत्या करने की बात कही. वीडियो कॉल के दौरान शहराना भी उसके साथ मौजूद थी और सामान्य रूप से बातचीत करती नजर आई. बताया गया कि उसने सिर पर पल्लू भी ओढ़ रखा था.
रिजवान ने दोनों को काफी समझाने की कोशिश की और ऐसा कदम न उठाने की सलाह दी, लेकिन अजमल ने उसकी बात नहीं मानी और बीच में ही कॉल काट दी. इसके तुरंत बाद दोनों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर जहरीला पदार्थ निगल लिया. कॉल कटते ही रिजवान ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन दोनों की तलाश में सहारनपुर के लिए रवाना हो गए.
जिस स्थान पर दोनों ठहरे हुए थे, वहां के स्थानीय लोगों ने भी परिजनों को उनकी मौजूदगी की जानकारी दी. कुछ समय बाद जब दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी तो इसकी सूचना परिजनों को मिली. परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को गंभीर हालत में रामपुर मनिहारान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
इलाज के दौरान दोनों की मौत
डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें शामली के कैराना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजमल मंदवाड़ा गांव में भवन निर्माण सामग्री की दुकान चलाता था. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था. माना जा रहा है कि इसी दबाव के चलते दोनों ने ईद से ठीक पहले यह आत्मघाती कदम उठाया.
