सितारगंज के चीकाघाट में प्रशासन ने बेमौसमी धान की नर्सरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर से नर्सरी नष्ट कर दी।
जानकारी के अनुसार प्रशासन को सूचना मिली थी कि कुछ किसान बेमौसमी धान की नर्सरी तैयार कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और खेतों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बेमौसमी धान की नर्सरी पाई गई, जिस पर टीम ने तुरंत ट्रैक्टर बुलाकर उसे नष्ट कर दिया।
उपजिलाधिकारी रविंद्र जुंवाठा ने बताया कि बेमौसमी धान की खेती पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद कुछ किसान नर्सरी तैयार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इससे फसल चक्र प्रभावित होता है और कीट व रोगों का खतरा बढ़ सकता है।
प्रशासन ने किसानों से शासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की और चेतावनी दी कि यदि कहीं भी बेमौसमी धान की नर्सरी पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
