देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल—उत्तरोत्तर प्रगति पथ पर अग्रसर उत्तराखंड” में 401.86 करोड़ रुपये की लागत से 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 33 योजनाओं का शिलान्यास (99.44 करोड़ रुपये) और 41 योजनाओं का लोकार्पण (302.42 करोड़ रुपये) शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संतुलित विकास के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। जल निकासी, सीवरेज, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से आम जनता को सीधे लाभ मिलेगा।
नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत सपेरा बस्ती क्षेत्र में लगभग 78.98 करोड़ रुपये की लागत से आई एंड डी तथा 15 एमएलडी एसटीपी निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा आराघर चौक से मोथरोवाला तक ट्रंक सीवर, सहारनपुर चौक से पथरीबाग चौक तक सीवर लाइन निर्माण और इंदिरानगर आवास विकास कॉलोनी की जलोत्सारण पुनर्गठन योजना जैसी परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया।
ओम सिटी, कुसुम विहार और चमन विहार क्षेत्रों में सीवर लाइन योजनाओं के साथ इंदिरानगर स्थित 5 एमएलडी एसटीपी में एसपीएस निर्माण और संबंधित कार्यों का शुभारंभ हुआ।
मुख्यमंत्री ने चंदरनगर परिसर में शव विच्छेदन गृह, कोल्ड चेन स्टोर और सभागार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिद्दरवाला, तथा सेलाकुई स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में 100 शैय्या वाले चिकित्सालय और आवासीय भवनों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही देहरादून जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कई राजकीय इंटर कॉलेजों के नए भवनों का भी लोकार्पण किया गया।
कृषि क्षेत्र में मारखमग्रांट में कृषि निवेश केंद्र का लोकार्पण किया गया, जबकि पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए पशुलोक ऋषिकेश में अतिरिक्त निर्माण कार्य पूरे किए गए।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न मोटर मार्गों के उन्नयन कार्यों का लोकार्पण किया, जिनमें जगतपुर-दुधई, पैधा-मझौन, मुंशीघाटी-ध्वैरा देऊ, कोटी-डिमऊ, जमनीपुर-जामनखाता और बाड़वाला-जुड्डो मटोगी शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आंतरिक मार्गों का निर्माण और डामरीकरण भी किया गया।
मसूरी, डोईवाला और विकासनगर क्षेत्रों में नदियों के किनारे बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जिसमें बांदल नदी, सुसवा नदी और जाखन नदी शामिल हैं।
डोईवाला, विकासनगर और सहसपुर क्षेत्रों में नहरों के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जिससे सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी। इसके अलावा नागल ज्वालापुर से डोईवाला तक सड़क चौड़ीकरण, राजपुर रोड क्षेत्र में पेयजल योजना सुदृढ़ीकरण और कई ग्राम पंचायतों में आंतरिक मार्गों का निर्माण भी शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
