शिमला। शिमला के रिज मैदान पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के समापन के बाद सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली के लिए रवाना हो गए। मंगलवार, 27 जनवरी को वह केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, नितिन गडकरी से प्रदेश में मानसून के दौरान ध्वस्त हुई राज्य की सड़कों के लिए बजट देने का मामला उठाएंगे। हालांकि, यह पहली बार नहीं होगा। इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर राज्यों की सड़कों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्गों की हालत सुधारने का मामला उठाया था।
सीएम कल केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री सुरेश गोपी से भी मिल सकते हैं। अगर पर्यटन राज्यमंत्री से मुलाकात होती है, तो गग्गल एयरपोर्ट (कांगड़ा) के विस्तारीकरण के लिए 3 हजार करोड़ का बजट देने की दोबारा मांग होगी। बताया जा रहा है कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार शाम को ही शिमला लौट आएंगे।
