हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्री-बजट बैठक से पहले राज्य के सभी विधायकों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार जल्द ही विधायकों को उनके विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी करेगी।
इसके लिए सरकार ने सभी विधायकों से उनके क्षेत्रों में कराए जाने वाले विकास कार्यों की प्राथमिकता सूची मांगी है। सरकार ने अनुरोध किया है कि विधायक जल्द से जल्द अपनी सूची विकास एवं पंचायत विभाग को सौंपें, ताकि संबंधित कार्यों की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्ष 2025-26 के बजट में प्रत्येक विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए कुल पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी। यह पहली बार है जब विधायकों को इतनी बड़ी विशेष राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
सरकार के प्रावधान के अनुसार विधायकों को पूरे पांच साल के कार्यकाल में पांच करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी। इसमें पहली और दूसरी किस्त के रूप में डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये तथा तीसरी किस्त के रूप में दो करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। साथ ही यह भी तय किया गया है कि अगली किस्त तभी जारी होगी जब पिछली किस्त की कम से कम 70 प्रतिशत राशि खर्च हो चुकी होगी।
यह राशि विधायकों को मिलने वाली अन्य विकास निधि से अलग होगी।
शीतकालीन सत्र में उठा था मुद्दा
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान भी कई विधायकों ने इस मुद्दे को उठाया था। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री ने करीब नौ महीने पहले प्रत्येक विधायक को पांच-पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई राशि जारी नहीं की गई थी।
कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने भी सदन में मुख्यमंत्री से मांग की थी कि इस घोषणा को जल्द से जल्द लागू किया जाए। बजट पेश होने के नौ महीने बाद तक आदेश जारी न होने के कारण विधायकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी कि उन्हें यह अनुदान कब मिलेगा।
