कुरूक्षेत्र: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में खेलों इंडिया योजना के तहत बने हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान का उद्घाटन किया. इस परियोजना के लिए राज्य सरकार ने लगभग 5.50 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध कराया है. उद्घाटन समारोह में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम भी उपस्थित रहे. इस दौरान वो खुद भी हॉकी स्टिक लेकर फिल्ड में हाथ आजमाते नजर आए.
खेलों के लिए आधुनिक प्रांगण तैयार: हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों और छात्रों को प्रशिक्षण के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा. मैदान अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया गया है और इसका उद्देश्य स्थानीय और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच तैयार करना है.
ऑल वेदर स्वीमिंग पूल का शिलान्यास: साथ ही मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ऑल वेदर स्वीमिंग पूल परियोजना का शिलान्यास किया. यह पूल वर्षभर खिलाड़ियों और छात्रों को प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा के अवसर उपलब्ध कराएगा.
हरियाणा विजन 2047 प्री बजट मंथन कार्यक्रम: विश्वविद्यालय में आगामी हरियाणा विजन 2047 भविष्य उन्मुख रोडमैप प्री बजट मंथन कार्यक्रम में खिलाड़ियों और युवा पीढ़ी के साथ संवाद किया जाएगा. इस कार्यक्रम का उद्देश्य खेलों के विकास और युवाओं के लिए राज्य की योजनाओं और अवसरों को साझा करना है.
कार्यक्रम में युवाओं व खिलाड़ियों से सीएम का संवाद: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित हरियाणा विजन 2047 भविष्य उन्मुख हरियाणा रोडमैप प्री-बजट मंथन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और युवा वर्ग से सीधा संवाद किया. उन्होंने कहा कि हरियाणा को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए हर वर्ग के सुझाव जरूरी हैं, ताकि बजट ऐसा हो जो प्रदेश को विकास की नई गति दे सके.
“युवा देश की रीढ़ की हड्डी”: मुख्यमंत्री ने कहा कि, “युवा देश की रीढ़ की हड्डी हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सबसे अहम है. कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने शिक्षा, खेल, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए. मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी सुझावों को गंभीरता से नोट कर उन पर मंथन किया जाएगा, ताकि आने वाला बजट आमजन और सभी वर्गों के हित में हो.”
राहुल गांधी और हुड्डा पर तीखा कटाक्ष: राहुल गांधी के कुरुक्षेत्र दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने तीखा कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि, “राहुल गांधी का 10 दिन का प्रशिक्षण कार्यक्रम था, लेकिन उसका असर एक घंटे भी नहीं दिखा. राहुल गांधी धार्मिक नगरी कुरुक्षेत्र आए, लेकिन उन्होंने कुरुक्षेत्र का नाम तक नहीं लिया.” इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी तंज कसते हुए कहा कि, “अब दोनों की उम्र हो चली है और दोनों एक जैसी, अर्थहीन बातें करते हैं.”
खेल और युवाओं के लिए नई पहल: हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान और आल वेदर स्वीमिंग पूल जैसी परियोजनाएं राज्य में खेल और प्रतिभा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. इन सुविधाओं के माध्यम से छात्रों और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर मिलेंगे.
