चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चंपावत दौरे पर रहे. जहां उन्होंने चंपावत में नवनिर्मित सर्किट हाउस का लोकार्पण किया. साथ ही 96 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत की 16 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. इसके अलावा बनबसा में बैडमिंटन कोर्ट निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया. साथ ही खिलाड़ियों को पुरस्कार व किट वितरित भी किया. वहीं, सीएम धामी ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएंगी.
सीएम धामी ने दी 96 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं की सौगात: बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान चंपावत जिले को लगभग 96 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं की सौगात दी. सीएम धामी ने कुल 95.99 करोड़ रुपए की 16 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. इनमें 67.24 करोड़ रुपए की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28.76 करोड़ रुपए की 5 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है.
नागार्जुन पार्क के सौंदर्यीकरण और शवदाह गृह में सुविधाओं का भी लोकार्पण: लोकार्पित योजनाओं में सड़क निर्माण एवं उच्चीकरण, सर्किट हाउस का विस्तारीकरण, आईटीआई में कार्यशाला और तकनीकी प्रयोगशाला, कलेक्ट्रेट भवन, दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलेस नेटवर्क और टनकपुर में 98 बेड के महिला छात्रावास का निर्माण शामिल हैं. इसके अलावा नागार्जुन पार्क के सौंदर्यीकरण और शवदाह गृह में आधुनिक सुविधाओं का भी सीएम धामी ने लोकार्पण किया.
इन विकास योजनाओं का भी हुआ शिलान्यास: वहीं, शिलान्यास की गई योजनाओं में विभिन्न गांवों में चेन लिंक फेंसिंग, राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में चार कक्षा-कक्ष, छतार में कुमाऊंनी शैली का घंटाघर, देवीधुरा क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग और विभिन्न क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना शामिल है. इस दौरान सीएम धामी ने विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने. साथ ही अधिकारियों को नियमानुसार तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
“चंपावत को आदर्श जिले के रूप में विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. सड़क, शिक्षा, पर्यटन, कृषि और मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक पहुंचाना है. ये परियोजनाएं यहां की विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.“- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल, हनुमान की प्रतिमा का किया अनावरण: इसके अलावा सीएम पुष्कर धामी चंपावत में जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए. साथ ही अधिवक्ता चेंबर, सुगम वाहन पार्किंग एवं आधुनिक ई लाइब्रेरी की स्थापना की भी घोषणा की. वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बनबसा में 11 फीट ऊंची हनुमान की प्रतिमा का अनावरण किया और ‘नशामुक्ति सदभावना दौड़’ को हरी झंडी भी दिखाई.
