शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू अब तक 17 तारीख को बजट पेश करते रहे हैं। उन्होंने पहला बजट 17 मार्च, 2023 को पेश किया था। वहीं दूसरा बजट 17 फरवरी, 2024 और तीसरा बजट 17 फरवरी, 2025 को पेश किया था। इस बार मुख्यमंत्री राज्य का चौथा बजट 20 मार्च को पेश कर सकते हैं।
भाग्य अंक का खेल
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र अवकाश के बाद 18 मार्च से दोबारा शुरू होगा। पहले दो दिन राज्यपाल अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के तहत चर्चा होगी। माना जाता है कि मुख्यमंत्री का भाग्यांक आठ है, इसीलिए पिछले तीनों बजट 17 तारीख को पेश किए गए।
16 फरवरी से शुरू हुआ बजट सत्र
इस बार विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी को शुरू हुआ था। पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होने के बाद राजस्व घाटा अनुदान के मुद्दे पर नियम-102 के तहत चर्चा शुरू हुई और लगातार तीन दिन तक चली।
नहीं हो सकी थी धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा
इसी के परिणामस्वरूप विधानसभा की दैनिक कार्यसूची में दो दिन तक राज्यपाल अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव चर्चा के लिए था। लेकिन राजस्व घाटा अनुदान पर चर्चा में दोनों पक्षों की ओर से अधिक सदस्यों के भाग लेने के कारण धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो सकी।
होली महोत्सव सुजानपुर के लिए सीएम को दिया निमंत्रण
वहीं, हमीरपुर जिला उपायुक्त गंधर्वा राठौर ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट कर उन्हें जिला हमीरपुर के ऐतिहासिक सुजानपुर टीहरा में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के होली महोत्सव में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। यह चार दिवसीय महोत्सव 1 मार्च से 4 मार्च तक आयोजित किया जाएगा।
