शिमला/नाहन। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला सिरमौर के नाहन में होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम में चार महिलाओं व संगठन को उनकी बेहतरीन उपलब्धियों के लिए महिला विकास प्रोत्साहन योजना के तहत एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सोलन के कोटला नाला की शांति जयसवाल को महिला स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए।
बिलासपुर कंदरौर की निर्मला धीमान को महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए। महिला स्वयं सहायता समूहों को मशरूम की आर्गेनिक खेती का प्रशिक्षण देकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए और गृहिणी स्वयं स्वरोजगार संघ इंदौरा कांगड़ा को जबकि अंबोटा ऊना की निशु लता को कौशल विकास, उद्यमिता और स्वरोजगार के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए एक-एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
हर जिले से एक आंगनबाड़ी को 5000 मिलेंगे
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा को जिले में महिला सशक्तिकरण के लिए उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के हर जिले से एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एक सहायिका को उनके बेहतरीन कार्य के लिए पांच-पांच हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी आर्थिक सहायता वितरित की जाएगी।
विधवा पुनर्विवाह योजना के तहत तीन महिलाओं नसीफा, नितेश, विद्या देवी को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
तीन बेटियों को 51-51 हजार
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत तीन बेटियों जिनके पिता का निधन हो चुका है उनमें बबीता, सुनीता देवी, अनीता देवी को उनके विवाह के लिए 51-51 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
विशेष उपलब्धि के लिए सम्मानित
कृतिका शर्मा, पझौता (राजगढ़) आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की बेटी होकर माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करने की उपलब्धि। मेघा सिंह कंवर, संगड़ाह क्षेत्र एचएएस परीक्षा 2025 में शीर्ष स्थान प्राप्त करने के लिए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को पांच हजार रुपये
प्रदेश के 12 जिलों से सर्वश्रेष्ठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को भी सम्मानित किया जाएगा और उन्हें 5-5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। संतोष कुमारी (फगाट, घुमारवीं), मीना कुमारी (गुडवाना, चवाड़ी), कौशल्या (हमीरपुर), रेखा रानी (देहरा), सोनिया कुमारी (चगांव किन्नौर), रेखा शर्मा (ब्रौ नीथर), सुनीता (केलंग), मीनाक्षी देवी (दर्मयाणा मंडी), उषा राठौर (चौपाल), कौशल्या देवी (पच्छाद), मीता रानी (नालागढ़), कुसुम देवी (जखेरा ऊना)
आंगनबाड़ी सहायिकाओं में सिमरो देवी (फगाट, घुमारवीं), बीना देवी (लाहरू चवाड़ी), कश्मीरी देवी (बदोह नादौन), सुमिंद्रा देवी (देहरा), ज्ञान देवी (चगांव निचार), कमला देवी (ब्रौ नीथर), आशा (सिंधवाड़ी लाहुल) भावना देवी (दर्मयाणा मंडी) गीता रांटा (समरकोट रोहड़ू), रक्षा देवी (नाहन) शारदा (नालागढ़) और शमा देवी (ऊना) को भी सम्मानित किया जाएगा।
190 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे सीएम
चौगान मैदान में मुख्यमंत्री सुक्खू नाहन विधानसभा क्षेत्र की जनता को 190 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे। नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने शनिवार को नाहन चौगान मैदान में अधिकारियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नाहन के टेबल टेनिस एवं स्क्वैश कोर्ट परिसर, जिला पंचायत संसाधन केंद्र, राजकीय पॉलिटेक्निक धौलाकुंआ में लड़कों का छात्रावास, कन्या छात्रावास, शैक्षणिक भवन की द्वितीय मंजिल, आवासीय ब्लॉक, ऑटोमोबाइल ब्लॉक, कालाअंब में फायर पोस्ट बिल्डिंग, जुड्डा का जोहड़-गड्डा लिंक रोड का उद्घाटन करेंगे।
मुख्यमंत्री 153 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाले भेड़ों-अदिबद्री सड़क मार्ग, बर्मापापड़ी-पालियों-माजरी सड़क मार्ग के उन्नयन कार्य, एनएच 07 से भद्रकाली मंदिर-वन चेक पोस्ट कोलर-विलासपुर रोड़ तक जाने वाले लिंक रोड़ के उन्नयन, सड़क सुरक्षा व डंपिंग संरचना इत्यादि कार्य, कांशीवाला-बिरोजा फैक्ट्री-जाबल का बाग सड़क निर्माण, सैनवाला-झमिरिया-जामनीवाला-चारूवाला कोटला लिंक रोड़ तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नाहन का भवन की आधारशिला भी रखेंगे।
