देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरबंस कपूर मेमोरियल सामुदायिक भवन, गढ़ीकैंट देहरादून में स्वर्गीय हरबंस कपूर की 80वीं जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने स्व. हरबंस कपूर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. हरबंस कपूर हम सभी के लिए प्रेरणादायक व्यक्तित्व थे और उनकी कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों को निरंतर मार्गदर्शन देती रहेगी। उन्होंने कहा कि स्व. कपूर ने अपने संपूर्ण जीवन में समाज और जनता के हितों को सर्वोपरि रखा। उनका पूरा जीवन जनसेवा और लोककल्याण को समर्पित रहा, जिसे राज्य सदैव स्मरण रखेगा।
मुख्यमंत्री ने स्व. हरबंस कपूर के साथ बिताए पलों को साझा करते हुए कहा कि वे सादगी, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच के प्रतीक थे। उन्होंने प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया और राज्य के विकास से जुड़े हर विषय पर दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़े।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्व. हरबंस कपूर को नमन करते हुए कहा कि वे एक आदर्श जननेता थे, जिन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण जनसेवा को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि स्व. हरबंस कपूर उनके राजनीतिक गुरु थे और उनके मार्गदर्शन का उनके सार्वजनिक जीवन पर गहरा प्रभाव रहा। राज्य के विकास में उनका योगदान सदैव अनुकरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी श्याम अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।
