शिमला। प्रदेश में नई पंचायतों के बनने के बाद 440 पंचायतों की सीमाओं में बदलाव होगा। पंचायती राज विभाग ने 20 मार्च तक सभी पंचायतों जिनकी सीमाओं में बदलाव हुआ है उनके परिसीमन की प्रक्रिया को 20 मार्च करने के निर्देश दिए हैं। जबकि 30 मार्च से पूर्व आरक्षण रोस्टा को जारी किया जाना है।
प्रदेश में नई पंचायतों के गठन के बाद वर्तमान में पंचायतों की संख्या बढ़कर 3709 हो गई है। जबकि 64 नई पंचायतों को बनाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और 13 मार्च तक आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे। अब आपत्तियों का निपटारा करने के बाद अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी।
प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों का चुनाव होना है। जिसमें वार्ड पंच, उपप्रधान, प्रधान, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्यों का चुनाव होना है। इनका कार्यकाल 31 जनवरी को समाप्त हो चुका है।
पंचायतों, पंचायत समिति और जिला परिषद का जिम्मा वर्तमान में प्रशासकों के सुपुर्द किया गया है। शहरी निकायों के गठन के बाद 42 पंचायतें कम हो गई थी। अभी तक कुल मिलाकर 140 नई पंचायतें गठित हो चुकी हैं।
यदि सभी नई बनने वाली 64 पंचायतों को स्वीकृति मिल जाती है तो पंचायतों की कुल संख्या बढ़कर 3773 हो जाएगी। जबकि पांच वर्ष पूर्व 3615 पंचायतों के चुनाव हुए थे।
