नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव के बाद हरियाणा कांग्रेस के पांच विधायकों द्वारा क्रास वोटिंग करने के बाद कांग्रेस में मची उथल-पुथल को शांत करने के लिए सोमवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। इसकी अध्यक्षता हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा करेंगे। कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी बीके हरिप्रसाद तथा प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी मौजूद रहेंगे। क्रास वोटिंग करने के आरोप में घिरे पांच विधायकों को बैठक में नहीं बुलाया गया है।
कांग्रेस के बड़े नेता कार्यक्रम को रूटीन बैठक बता रहे हैं पर अंदर की बात यह है कि क्रास वोटिंग करने के आरोप में पांच विधायकों पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस के विधायक दो गुटों में बंटे हुए हैं। एक गुट के विधायक यह चाहते हैं कि पार्टी को मजबूत करने के लिए क्रास वोटिंग के आरोपित सभी विधायकों को पार्टी से निकाला जाए। जबकि एक गुट चाहता है कि कार्रवाई की जाए पर पार्टी से नहीं निकाला जाए। कुछ विधायक यह भी जानना चाहते हैं कि जिन चार विधायकों के बैलेट पेपर रद किए गए उसमें किसकी गलती थी इसे सामने लाया जाना चाहिए।
बैठक में विधायकों का पक्ष जानने के बाद क्रास वोटिंग करने वाले विधायक मोहम्मद इलियास, मोहम्मद इसराइल, रेणु बाला, जनरैल सिंह तथा शैली चौधरी के विरुद्ध अंतिम कार्रवाई करने के लिए तीन अप्रैल को कांग्रेस प्रदेश अनुशासन समिति की बैठक होगी। जिसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह मलिक करेंगे। चंडीगढ़ में होने वाली बैठक के बाद ही विधायकों पर कार्रवाई के नतीजे सामने आ जाएंगे।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी तथा पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पार्टी से गद्दारी करने वाले विधायकों को बाहर का रास्ता दिखा दिया जाए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बैठक में विधायकों से आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। बगावत करने वाले विधायकों पर कार्रवाई प्रदेश अनुशासन समिति करेगी।
