चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल से नागरिक उड्डयन विभाग वापस लेने के बाद चल रही चर्चाओं पर गोयल ने खुद विराम लगाने की कोशिश की है। उन्होंने पहली बार सार्वजनिक मंच से इस मामले पर खुलकर अपनी बात रखी।
विपुल गोयल ने दावा किया कि नागरिक उड्डयन विभाग उन्होंने खुद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आग्रह कर वापस लेने के लिए कहा था। उनके अनुसार, यह मुख्यमंत्री और पार्टी का विशेषाधिकार है कि वे किसी मंत्री को कितने विभाग सौंपते हैं।
विपुल गोयल ने कहा कि यदि पार्टी या सरकार को उनसे विभाग लेकर कोई राजनीतिक संदेश देना होता तो नागरिक उड्डयन की बजाय कोई दूसरा विभाग वापस लिया जा सकता था। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया और कामकाज को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से लिया गया फैसला है। मुख्यमंत्री चाहें तो सभी विभाग वापस ले सकते हैं और चाहें तो अन्य विभाग दे सकते हैं।
विपुल गोयल ने नागरिक उड्डयन विभाग की कार्यप्रणाली का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विभाग आम जनता के सीधे कामकाज से जुड़ा विभाग नहीं है। उनके पास रहते हुए इस विभाग का काम के लिए पब्लिक कभी नहीं आई। विभाग के पास दो हेलीकॉप्टर और एक विमान हैं, जिनकी जरूरत मुख्यमंत्री और राज्यपाल को पड़ती रहती है। इनके संचालन के लिए पायलटों की व्यवस्था भी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले हुई बैठक में उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री से आग्रह किया था कि वह दो-तीन दिन ही चंडीगढ़ में रहते हैं, जबकि बाकी समय विधानसभा क्षेत्र और प्रदेश के दौरों में व्यतीत होता है। इसके विपरीत आईएएस अधिकारी पूरे सप्ताह चंडीगढ़ में रहते हैं और विभागीय कामकाज संभालते हैं। ऐसे में नागरिक उड्डयन विभाग मुख्यमंत्री के पास रहने से समन्वय और कामकाज आसान होगा।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों में किसी विषय को सही संदर्भ और विजन के साथ समझने की जरूरत है। गौरतलब है कि विभागीय बदलाव के बाद विपुल गोयल के पास अब शहरी स्थानीय निकाय तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी है। नागरिक उड्डयन विभाग मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने पास रखा है।
