पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन की घोषणा के बाद शनिवार को दोनों दलों के नेताओं की पहली औपचारिक बैठक हुई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ ने अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल से चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर मुलाकात की।
इस बैठक के जरिए दोनों दलों ने गठबंधन के साथ आगे बढ़ने का राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 दिसंबर को प्रस्तावित मोगा दौरे और रैली की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। इसके अलावा विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति पर भी शुरुआती बातचीत हुई। दोनों दलों के बीच गठबंधन की घोषणा के बाद यह पहली बड़ी बैठक थी इसलिए इसे आगामी चुनाव की तैयारियों की दिशा में अहम माना जा रहा है।
पीएम मोदी का पंजाब दौरा
बैठक के बाद भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने कहा कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों का दोबारा एक साथ आना बातचीत और आपसी तालमेल का अवसर है। गठबंधन में किसी तरह का गतिरोध नहीं है। उन्होंने कहा कि सुखबीर सिंह बादल ने प्रधानमंत्री मोदी को पंजाब आने का निमंत्रण दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। प्रधानमंत्री 8 दिसंबर को पंजाब आएंगे।
जाखड़ ने परिसीमन विधेयक को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के राज्यों को लोकसभा में उनके 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व में कमी आने की आशंका थी। उनकी चिंताओं का समाधान होने के बाद अब इस मुद्दे पर विरोध का कोई ठोस आधार नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि व्यापक सहमति बनने के बाद कांग्रेस के लिए अपने विरोध के सार्वजनिक रुख से पीछे हटना मुश्किल हो सकता है।
छह साल बाद फिर साथ आए अकाली-भाजपा
गौरतलब है कि अकाली दल और भाजपा छह साल बाद फिर एक साथ आए हैं। दोनों दलों ने 2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और सरकार बनने की स्थिति में मुख्यमंत्री पद भी अकाली दल के पास होगा।
