शिमला: एक लाख करोड़ रुपए से अधिक के कर्ज में डूबे हिमाचल प्रदेश पर चार सौ करोड़ रुपए का कर्ज और बढ़ने वाला है. सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने चार सौ करोड़ रुपए के लोन को लेकर अधिसूचना जारी की है. वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी नजीम की तरफ से इस आशय की अधिसूचना जारी की गई है.
अधिसूचना के अनुसार राज्य सरकार चार सौ करोड़ रुपए का कर्ज लेगी. इस लोन के लिए बोली पहली दिसंबर को होगी. यह रकम अगले दिन यानी दो दिसंबर को सरकार के खजाने में आ जाएगी. राज्य सरकार ये कर्ज 7.78 प्रतिशत सालाना ब्जाय की दर पर उठा रही है. कर्ज की रकम पर ब्याज का साल में दो बार भुगतान होगा. यह चार सौ करोड़ रुपए की लोन रकम 18 साल के लिए उठाई जा रही है.
तकनीकी शब्दावली में देखें तो राज्य सरकार ने 24 जून 2026 को जारी किए गए 7.78 प्रतिशत एसजीएस यानी स्टेट गवर्नमेंट सिक्योरिटीज, 2044 को री-इश्यू किया है. इसके लिए सभी जरूरी मंजूरियां ले ली गई हैं. अधिसूचना के अनुसार कर्ज की ये रकम विकास कार्यों के लिए ली जा रही है.
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के कार्यकाल के चार साल पूरा होने जा रहे हैं. इसी साल दिसंबर की 11 तारीख को चार साल के कार्यकाल के पूरा होने पर हमीरपुर के सुजानपुर में समारोह आयोजित किया जा रहा है. आशा जताई जा रही है कि राज्य सरकार चार साल के जश्न के दौरान सरकारी कर्मियों को एरियर की रकम का कुछ हिस्सा घोषित कर सकती है.
राज्य सरकार ने इससे पहले अक्टूबर महीने में भी दो बार लोन लिया था. एक बार छह सौ करोड़ रुपए व दूसरी दफा चार सौ करोड़ रुपए का लोन लिया था. उससे पहले सितंबर 2026 में भी सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने 700 करोड़ रुपए का लोन लिया था.
