यमुनानगर: कपालमोचन मेला का देर रात भव्य समापन हो गया. मेले के समापन समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत की. मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर अरदास की और तीनों पवित्र सरोवरों के दर्शन किए. इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई. मुख्यमंत्री ने धर्मशालाओं के विकास और सुविधाओं के विस्तार के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की. वहीं, मेले में पहली बार आयोजित ड्रोन शो ने आसमान में आकर्षक आकृतियां बनाकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया.
पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकी: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर ऐतिहासिक कपालमोचन तीर्थ में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. लाखों श्रद्धालुओं ने कपालमोचन, ऋणमोचन और सूरजकुंड के पवित्र सरोवरों में आस्था की डुबकी लगाई. मेले के समापन अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी कपालमोचन पहुंचे. उन्होंने सबसे पहले गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर अरदास की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की. इसके बाद मुख्यमंत्री ने तीनों पवित्र सरोवरों का भ्रमण किया.
मुख्यमंत्री का अनोखा अंदाज: इस दौरान मुख्यमंत्री का अलग अंदाज देखने को मिला. वह सुरक्षा घेरे से निकलकर श्रद्धालुओं के बीच पैदल पहुंचे और उनसे बातचीत की. कई श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली. इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मेला श्री कपालमोचन के धार्मिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने भगवान शिव से जुड़ी पौराणिक मान्यताओं के साथ गुरु गोविंद सिंह जी के कपालमोचन आगमन और बाबा बंदा सिंह बहादुर से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों का भी उल्लेख किया.
ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण जरूरी: मुख्यमंत्री ने सरस्वती नदी के किनारे बाबा बंदा सिंह बहादुर की स्मृति में बनाए जा रहे म्यूजियम का जिक्र करते हुए कहा कि धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित हो सकें. इसी दौरान उन्होंने श्राइन बोर्ड को धर्मशालाओं के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की.
आकर्षण का केन्द्र बना ड्रोन शो: इस बार मेले के समापन समारोह में पहली बार आयोजित ड्रोन शो लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहा. आसमान में सैकड़ों ड्रोन की रोशनी से गुरु नानक देव जी, गुरु गोविंद सिंह जी, बाबा बंदा सिंह बहादुर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की आकृतियां प्रदर्शित की गईं. आसमान में उभरी इन तस्वीरों को देखकर श्रद्धालु रोमांचित हो उठे. लोग अपने मोबाइल फोन में इस नजारे को कैद करते नजर आए.
