देहरादून। प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए शुरू की गई बैणी-भुली योजना के तहत दिसंबर माह में पहली किस्त जारी की जाएगी। योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़ी महिलाएं परिवार के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं कृषि, पशुपालन, स्थानीय उत्पादों के निर्माण और हस्तशिल्प के माध्यम से आजीविका के नए अवसर तैयार कर रही हैं। ग्राम्य विकास विभाग महिलाओं को लखपति दीदी बनाने, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग एवं विपणन और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रहा है।
चौधरी ने कहा कि बैणी-भुली योजना इन प्रयासों को नई मजबूती देगी। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना और विकास की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
