शिमला: हिमाचल विधानसभा में मुख्यमंत्री की ओर पेश किए गए सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े बिल पर भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला. संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब प्रदेश में एक्ट पर्चियों पर बनाए जा रहे हैं? पर्ची दी और एक्ट बना दो. उन्होंने कहा कि सरकार एक के बाद दूसरा कानून लाकर कर्मचारियों के अधिकारों और अदालतों के फैसलों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है. इस तरह के कानून बनाने से विधानसभा की मर्यादा पर भी सवाल खड़े होते हैं.
कर्मचारियों से जुड़े नए बिल पर भाजपा ने खड़े किए सवाल
त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि वर्ष 2003 और 2004 में अनुबंध आधार पर भर्ती हुए कर्मचारियों की नियुक्ति के समय भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में अनुबंध का प्रावधान शामिल था. ऐसे में उनकी अनुबंध सेवाओं को भी वरिष्ठता और अन्य सेवा लाभों के लिए गिनना जरूरी है. उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने भी अपने फैसले में स्पष्ट किया था कि कर्मचारियों की अनुबंध अवधि को सेवा में शामिल कर उन्हें पदोन्नति, वेतन वृद्धि और पेंशन से जुड़े लाभ दिए जाने चाहिए. इसके बावजूद सरकार पहले इस फैसले के खिलाफ कानून लेकर आई, जिसे हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया. अब सरकार फिर नया संशोधन विधेयक लेकर आ गई है.
उन्होंने कहा कि सरकार इस विधेयक में वरिष्ठता के बजाय क्वालिफाइंग एक्सपीरियंस यानी अनुभव को आधार बनाने की बात कर रही है. जम्वाल न कहा कि सवाल ये है कि अनुभव की गणना कैसे होगी और इसके लिए कौन से नियम बनाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि प्रदेश की विभिन्न सेवाओं में भर्ती और पदोन्नति के अलग-अलग नियम हैं. ऐसे में सभी विभागों और सेवाओं में वर्ष 2003 के बाद नियुक्त कर्मचारियों की वरिष्ठता की दोबारा समीक्षा करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है. इससे प्रदेश के हजारों कर्मचारी नए विवादों में उलझ सकते हैं.
नए बिल से एक्सपीरिएंस काउंट में परेशानी
भाजपा विधायक ने विधेयक की धारा चार, पांच और छह पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि धारा चार में क्वालिफाइंग सर्विस की जगह अनुभव को आधार बनाने का प्रावधान किया गया है, जबकि धारा पांच के तहत सरकार बाद में इसके लिए अलग नियम बनाएगी. ऐसे में कर्मचारियों को यह पता ही नहीं होगा कि उनके अनुभव की गणना किस आधार पर होगी. उन्होंने कहा कि जब तक सरकार नियम अधिसूचित नहीं करेगी, तब तक समीक्षा डीपीसी भी नहीं हो पाएगी.
त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद सरकार ने लाभ देने के बजाय नए कानून का रास्ता चुना है. उन्होंने पूर्व सैनिकों की वरिष्ठता को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि विधेयक में यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी सेवा को किस तरह गिना जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि यह विधेयक कर्मचारियों की समस्याएं सुलझाने के बजाय उन्हें फिर अदालतों में जाने के लिए मजबूर करेगा.
