श्रीनगर गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रीनगर नगर निगम ने इगास पर्व पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को स्थगित किया।
निगम परिसर में पारंपरिक भैलो कार्यक्रम के लिए तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई थीं। नगर निगम महापौर आरती भंडारी ने निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इसी के चलते निगम ने इगास कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया। कहा कि इगास उत्तराखंड का प्रमुख लोकपर्व है, जिसे दीपावली के 11 दिन बाद भैलो, लोकगीत और पारंपरिक नृत्य के साथ मनाया जाता है।
नगर निगम परिसर में भी सामूहिक रूप से पर्व मनाने की विशेष तैयारी की गई थी, लेकिन शोक के चलते कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
