बागेश्वर: उत्तराखंड की राजनीति में कब क्या हो जाए, इसका अंदाज़ा लगाना हमेशा मुश्किल रहता है. शुक्रवार को बागेश्वर में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान मंच पर ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी. मौका था कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के बागेश्वर दौरे का, लेकिन सारी सुर्खियां पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच ‘गेंदे की माला’ को लेकर हुई दिलचस्प खींचतान ने बटोर लीं. दोनों वरिष्ठ नेता एक-दूसरे को पहले माला पहनाने पर अड़े रहे और यह पूरा घटनाक्रम मंच पर बैठीं कुमारी सैलजा के ठीक सामने हुआ, जो माथे पर हाथ रखकर जोर-जोर से मुस्कुराती नजर आईं.
गेंदे की माला को लेकर कैसे चली खींचतान? चर्चा में आए वीडियो के मुताबिक, मंच पर पहले हरीश रावत हाथ में गेंदे की माला लेकर यशपाल आर्य को पहनाने के लिए आगे बढ़ते हैं. लेकिन यशपाल आर्य उन्हें रोकते हुए माला अपने हाथ में ले लेते हैं. इसके बाद वह हरीश रावत को माला पहनाने की कोशिश करते हैं, मगर हरीश रावत भी हाथ के इशारे से मना करते हुए पहले उन्हें माला पहनाने पर जोर देते हैं. कुछ सेकंड तक मंच पर दोनों दिग्गजों के बीच माला पहनाने को लेकर यह खींचतान चलती रही. आखिरकार यशपाल आर्य आगे बढ़कर हरीश रावत के गले में माला डाल देते हैं और इसके बाद हरीश रावत दूसरी माला उठाकर यशपाल आर्य को पहनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन यशपाल आर्य तैयार नहीं होते हैं और हरीश रावत उनको माला नहीं पहना पाते हैं. इसके बाद हरीश रावत हाथ जोड़ लेते हैं.
सैलजा की मुस्कुराहट और चेहरे के भाव: जहां एक ओर मंच पर दो कद्दावर नेताओं के बीच माला को लेकर मान-मनौव्वल और जोर देने का सिलसिला चल रहा था, वहीं पास में बैठीं उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा की प्रतिक्रिया ने इस पूरे वाकये को और खास बना दिया. वीडियो में सैलजा दोनों को माला को लेकर एक-दूसरे पर जोर देते देखती हैं और अपने माथे पर हाथ रखकर मुस्कुराती दिखाई देती हैं. उनके चेहरे के भाव वीडियो में साफ नजर आ रहे हैं, जो अब सियासी चर्चाओं का हिस्सा बने हुए हैं.
2027 चुनाव से पहले दिग्गजों का जुटान: यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब कुमारी सैलजा 17 से 22 नवंबर तक छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं. इस दौरान वह कुमाऊं और गढ़वाल के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रही हैं, जिसका उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं से संवाद करना और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करना है.
2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस के लिए यह मंच का दृश्य चर्चा का विषय जरूर बन गया है. हालांकि, वीडियो में दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच माला पहनाने को लेकर खींचतान तो दिखती है, लेकिन इससे उनके बीच किसी राजनीतिक विवाद या मतभेद की पुष्टि नहीं होती. फिर भी, सियासत के गलियारों में बागेश्वर के मंच की यह माला-खींचतान और सैलजा की मुस्कुराहट खासी चर्चा खींच रही है.
