देहरादून। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी और गणित (STEM) के क्षेत्र में उत्तराखंड की बेटियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए अब ठोस नीतिगत सुझाव तैयार किए जाएंगे। इसके लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) रुड़की और वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मिलकर श्वेत पत्र तैयार करेंगे।
इसमें महिलाओं की राह में आने वाली बाधाओं की पहचान करने के साथ शिक्षा, शोध, नवाचार और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उपाय सुझाए जाएंगे। गुरुवार को उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में ‘वीमेन इन STEM’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने भी शिरकत की।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं में विज्ञान के प्रति रुचि स्कूल स्तर से ही विकसित करने की जरूरत है। उच्च शिक्षा में छात्राओं को अनुसंधान, तकनीकी प्रशिक्षण और उद्यमिता से जोड़ना होगा। महिलाओं को समान अवसर देना केवल सामाजिक समानता ही नहीं, बल्कि देश की वैज्ञानिक और आर्थिक प्रगति के लिए भी जरूरी है।
तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि महिलाओं की प्रगति में उनकी क्षमता की कमी नहीं, बल्कि सामाजिक धारणाएं और अवसरों का अभाव बड़ी बाधा हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना जरूरी है।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. केके पंत ने महिलाओं और युवाओं में उद्यमशीलता की सोच विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक और नवाचार के जरिये स्थानीय समस्याओं के समाधान विकसित कर नए उद्यम खड़े किए जा सकते हैं।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर ने कहा कि शिक्षण संस्थानों, उद्योगों, शोध संगठनों और सरकार के बीच समन्वय से महिलाओं के लिए बेहतर अवसर तैयार किए जा सकते हैं। इस दौरान विश्वविद्यालय ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत ‘नशामुक्त भारत ऐप हैकाथन’ भी शुरू किया। इसके जरिये युवाओं की तकनीकी दक्षता का उपयोग नशे के खिलाफ जागरूकता और डिजिटल समाधान विकसित करने में किया जाएगा।
