देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज लखनऊ दौरे पर रहे. लखनऊ में सीएम धामी ने उत्तराखण्ड महोत्सव में प्रतिभाग किया. इस दौरान सीएम धामी ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और विशिष्ट जीवनशैली में निहित है। भौगोलिक रूप से हम कहीं भी रहें, लेकिन अपनी मातृभूमि, अपनी बोली-भाषा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जुड़ाव सदैव बनाए रखना चाहिए. अपनी जड़ों से जुड़कर रहना हमारी भावी पीढ़ियों को अपनी पहचान और विरासत से परिचित कराने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है.
सीएम धामी ने कहा उत्तराखण्ड सरकार प्रवासी उत्तराखण्डियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने और राज्य के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है. इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से लगातार प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं. इन सम्मेलनों के माध्यम से देश-विदेश में रह रहे उत्तराखण्ड के प्रवासियों को एक मंच पर लाकर उनके अनुभवों, ज्ञान, कौशल, निवेश और सामर्थ्य का लाभ प्रदेश के विकास में लेने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य धरोहर हैं, वे जहां भी रहते हैं, अपनी मेहनत, प्रतिभा और कार्यकुशलता से उत्तराखण्ड का नाम रोशन करते हैं. मुख्यमंत्री ने उनसे अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास में भी योगदान देने का आह्वान किया.
सीएम धामी ने कहा उत्तर प्रदेश हमारा सहोदर भाई है. दोनों राज्यों के बीच केवल भौगोलिक और प्रशासनिक संबंध ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक जुड़ाव भी है. उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है. उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं.
प्रदेश में सड़क, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक विकास, पर्यटन, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं. गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है. मुख्यमंत्री ने कहा उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध किया है, ताकि इसका लाभ उत्तराखण्ड को भी मिल सके.
मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है. उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, औद्योगिक कॉरिडोर, एयरपोर्ट, निवेश अनुकूल नीतियों और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से रोजगार और व्यापार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं. उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड मिलकर पर्यटन, धार्मिक यात्रा, व्यापार, उद्योग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में नई संभावनाओं को साकार कर सकते हैं.
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है. प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य में विकास की अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है. केदारनाथ धाम में भव्य पुनर्निर्माण कार्य और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के अंतर्गत श्रद्धालुओं की सुविधाओं, आध्यात्मिक वातावरण और आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जा रहा है. प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित इन परियोजनाओं से उत्तराखण्ड की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है.
