उन्नाव। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि प्रदेश में सरकार किसी की भी बने…उनका दबदबा बना रहेगा। यूजीसी के मुद्दे पर राजा भैया का समर्थन करते हुए कहा कि यह व्यवस्था न कभी लागू थी और न ही भविष्य में लागू होगी। प्रतापगढ़ के कुंडा में आयोजित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा को लेकर बोले- हर सनातनी और हिंदू को कथा सुनने जाना चाहिए। वह स्वयं भी कथा में शामिल होंगे।
सोमवार को रिशालखेड़ा गांव में आयोजित एक उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने संबंधी सवाल पर कहा कि उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है। संत समाज क्या करेगा और अखिलेश यादव क्या कहेंगे…यह उन्हीं का विषय है। साल 2027 के विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल की राजनीतिक स्थिति पर कहा कि किस दल की सरकार बनेगी, यह अभी नहीं कहा जा सकता लेकिन उनका दबदबा बरकरार रहेगा। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के दलों के बीच गठबंधन को उन्होंने अलग-अलग विचारधाराओं का बेमेल बताया। कहा कि इसकी वास्तविक ताकत का पता आने वाले समय में चलेगा। इससे पहले सभा को संबोधित करते हुए बृजभूषण ने सनातन धर्म के अनुयायियों से नियमित हनुमान चालीसा का पाठ करने और उसके भावार्थ को समझने की अपील की।
इस दौरान कवि रामधारी सिंह दिनकर की चर्चित कृति ‘रश्मिरथी’ की पंक्तियां सुनाकर श्रोताओं में उत्साह भरा। सनातन धर्म के ग्रंथों का उल्लेख करते हुए कहा कि मनुस्मृति, गीता, महाभारत और रामायण की आलोचना करना कुछ लोगों के लिए फैशन बन गया है। उन्होंने वर्ण व्यवस्था को कर्म आधारित बताते हुए कहा कि व्यक्ति के कर्म ही उसकी पहचान निर्धारित करते थे। साथ ही जातिगत आधार पर समाज के बढ़ते विभाजन पर चिंता जताई।
यूजीसी न था और न आएगा
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने 1 नवंबर को बागपत के पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज में आयोजित क्षत्रिय स्वाभिमान महासम्मेलन में शामिल हुए थे। इस मौके पर उन्होंने कहा था, यूजीसी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यूजीसी न था, न आएगा और न रहेगा। उन्होंने कहा कि हम जो बोलते हैं, सोच-समझकर बोलते हैं। उन्होंने सीजेपी के आंदोलन को युवाओं को बरगलाने वाला और विदेश से फंडिंग का आरोप लगाया। बृजभूषण शरण सिंह ने आरोप लगाया था कि युवाओं को बरगलाकर उकसाया जा रहा है। युवाओं को इस तरह के आंदोलनों में शामिल होने के बजाय सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। इनके आंदोलन के लिए विदेश से फंड आता है।
