शिमला: स्वच्छता के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने एक और उपलब्धि हासिल की है. प्रदेश की नगर परिषद ठियोग ने स्वच्छ सर्वेक्षण में देश के शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में जगह बनाई है. इस उपलब्धि के लिए नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर परिषद ठियोग को सम्मानित किया. हिमाचल प्रदेश की ओर से शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रपति से यह पुरस्कार प्राप्त किया. प्रदेश को पहली बार राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति में यह सम्मान मिला है.
विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रपति से प्राप्त किया पुरस्कार
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पुरस्कार ग्रहण किया. उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय शहरी विकास विभाग, शहरी विकास निदेशालय, नगर निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों, सफाई कर्मियों तथा स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयासों को दिया. उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए शहरी निकायों में लगातार काम किया गया है.
स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के लिए किए गए प्रयास
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने शहरी निकायों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए कई स्तरों पर प्रयास किए हैं. नियमित निगरानी, विभागों के बीच तालमेल और स्वच्छता से जुड़ी पहलों के कारण नगर परिषद ठियोग यह उपलब्धि हासिल कर पाई है. उन्होंने कहा कि शहरों में सफाई व्यवस्था मजबूत करने, कचरा प्रबंधन में सुधार और लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है.
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि यह सम्मान किसी एक विभाग या संस्था की उपलब्धि नहीं है. इसके पीछे सफाई कर्मियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की मेहनत शामिल है. उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता का स्तर बनाए रखने के लिए कचरे के सही प्रबंधन और लोगों की भागीदारी की अहम भूमिका है. स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाने से ही व्यवस्था को लंबे समय तक बेहतर रखा जा सकता है.
आने वाले सर्वेक्षणों में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है. सभी शहरी स्थानीय निकायों को सफाई, कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी के बेहतर मानक अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. सरकार का प्रयास है कि आने वाले स्वच्छ सर्वेक्षणों में हिमाचल प्रदेश का प्रदर्शन और बेहतर हो.
क्या है स्वच्छ सर्वेक्षण?
स्वच्छ सर्वेक्षण भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से वर्ष 2016 में शुरू किया गया वार्षिक स्वच्छता मूल्यांकन अभियान है. इसके तहत देश के शहरी स्थानीय निकायों में सफाई व्यवस्था, स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन का आकलन किया जाता है. इसका उद्देश्य शहरों के बीच स्वच्छता को लेकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ाना और बेहतर व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करना है.
स्वच्छ सर्वेक्षण के अब तक आयोजित नौ संस्करणों में हिमाचल प्रदेश ने लगातार भागीदारी की है. इस दौरान प्रदेश के शहरी निकायों को स्वच्छता, साफ-सफाई और ठोस कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए प्रयासों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार और सम्मान मिले हैं. इस अवसर पर शहरी विकास विभाग के निदेशक नीरज कुमार भी मौजूद रहे.
