लखनऊ। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) और सांसद चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी आज गठबंधन का ऐलान करने जा रहे हैं। इसे यूपी में तीसरा मोर्चा का नाम दिया जा रहा है। नया मोर्चा यूपी की सियासत में नए समीकरण पैदा कर सकता है। दोनों के निशाने पर दलित-मुस्लिम समाज का वही वोट बैंक है जिसे सपा-बसपा और कांग्रेस का माना जाता रहा है। ऐसे में तीनों दलों के लिए चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। नए गठबंधन का असर यूपी की दो दर्जन से अधिक सीटों पर देखने को मिल सकता है।
एआईएमआईएम की नजर उन सीटों पर है, जहां मुस्लिम मतदाता निर्णायक स्थिति में हैं। पार्टी अध्यक्ष असदउद्दीन ओवैसी ने इसी रणनीति के तहत यूपी के दौरे तेज किए हैं। बहराइच की मटेरा, श्रावस्ती की भिनगा, कैराना से प्रत्याशी भी घोषित कर दिए। पिछली सभाओं में ओवैसी के निशाने पर सपा ही रही। ऐसे में यह तीसरा मोर्चा अगर दलित व मुस्लिम वोटों को पाले में करने में सफल रहा तो भाजपा के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है।
पिछले चुनाव में क्या रही स्थिति
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम ने 95 उम्मीदवार उतारे थे। पार्टी को औसत 0.49 फीसदी वोट मिले थे। वहीं आजाद समाज पार्टी ने 110 सीटों पर प्रत्याशी उतारे और 0.13 फीसदी वोट हासिल किया था। निकाय चुनाव में एआईएमआईएम के पांच नगर पालिका चेयरमैन तथा 83 सभासद/पार्षद जीते थे।
इन सीटों पर खास फोकस
पिछले विधानसभा और निकाय के नतीजों पर गौर करें तो आईएमआईएमआई कई सीटों पर चुनाव प्रभावित कर सकती है। एआईएमआईएम जहां सपा को तो वहीं, आजाद समाज पार्टी बसपा के परंपरागत वोटों को नुकसान पहुंचा सकती है। कुछ हद तक दलित मतदाता कांग्रेस को भी वोट करते रहे हैं।दोनों दलों का फोकस कुंदरकी, संभल, असमोली, बिलारी, रामपुर, मेरठ, नगीना, कानपुर कैंट, आजमगढ़ में मेहनगर, जौनपुर में मछलीशहर, शाहगंज, बहराइच, श्रावस्ती जैसी सीटों पर है।
कुंदरकी में एआईएमआईएम प्रत्याशी मो. वारिस को 14,251 वोट मिले थे, जबकि सपा उम्मीदवार ने 1,25,792 वोट हासिल किए थे। यहां सपा ने जीत दर्ज की थी। भाजपा दूसरे नंबर पर रही थी। गठबंधन से यूपी में नया सियासी समीकरण बनेगा।
प्रदेश में सियासी हलचल तेज
चंद्रशेखर और ओवैसी लखनऊ के होटल में आज दोपहर संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। बुधवार की देर शाम दोनों ही लखनऊ पहुंचे। चंद्रशेखर का स्वागत करने ओवैसी की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली एयरपोर्ट पहुंचे थे। कहा जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग, चुनावी घोषणापत्र जैसे अन्य मुद्दे बाद में तय होंगे लेकिन दोनों दलों के साथ आने की खबर से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
छोटे दलों का भी वोट बंटने का खतरा
नए गठबंधन से प्रमुख क्षेत्रीय दलों के वोटों में भी बंटवारे का खतरा है। इस नाते सुभासपा, निषाद पार्टी, अपना दल भी दोनों दलों के गठबंधन पर बारीक नजर बनाए हुए हैं। एआईएमआईएम का मुस्लिम बहुल तो आजाद समाज पार्टी दलित बहुत सीटों का चुनावी समीकरण प्रभावित कर सकती है। एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली का कहना है कि गुरुवार को तीसरे मोर्चे का ऐलान होगा। आने वाले चुनाव में दोनों दलों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस गठबंधन से दलितों, अल्पसंख्यकों, गरीबों, मजलूमों की आवाज को मजबूती मिलेगी।
ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन वोटकटवाः सपा
वहीं, होने जा रहे गठबंधन पर सपा सांसद रुचि वीरा ने तीखा हमला बोला। उन्होंने गठबंधन को वोटकटवा बताया। आरोप लगाया कि सपा के दबदबे वाली और मुस्लिम विधायकों की विधानसभा सीटों पर ही रैलियां की जा रही हैं। आखिर इस गठबंधन से किसे फायदा पहुंचाने की कोशिश हो रही है, यह जनता अच्छी तरह समझती है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुकाबला सपा और भाजपा के बीच ही होगा।
भाजपा से कोई शिकायत नहीं, सपा पर ही निशाना क्यों
सांसद रुचि वीरा ने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर की पार्टियों को हमेशा समाजवादी पार्टी पर ही उंगली उठाते देखा जाता है, जबकि मौजूदा भाजपा सरकार की कार्यशैली से उन्हें कोई शिकायत नजर नहीं आती। वे उन्हीं विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां कर रहे हैं, जहां सपा का प्रभाव है और मुस्लिम विधायक हैं। इससे साफ है कि उनकी मंशा क्या है और वे किसे फायदा पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता इन राजनीतिक समीकरणों को समझ चुका है और अपना एक भी वोट खराब नहीं करेगा।
