खटीमा: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 12 नवंबर को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान मोहन यादव खटीमा विधानसभा का दौरे करेंगे. खटीमा में मोहन यादव अशोक फार्म स्थित शहीद हरिकिशन सिंह विद्यालय में स्थानीय जनता से सीधा संवाद करेंगे. विधानसभा चुनाव से पहले एमपी के मुख्यमंत्री के इस दौरे को सियासी नजरिए से भी अहम माना जा रहा है.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के 12 नवंबर को खटीमा विधानसभा के प्रस्तावित दौरे को लेकर बीजेपी जुट चुकी है. एमपी सीएम यादव के दौरे की तैयारी को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष उधम सिंह नगर अजय मौर्या ने स्वयं कमान संभाली है. अजय मौर्या ने इस दौरे को लेकर खटीमा विधानसभा के झनकईया, झाउपरसा, बगुलिया,अशोक फार्म मेलाघाट इलाकों में जनसंपर्क किया. साथ ही स्थानीय जनता को उनके क्षेत्र में 12 नवंबर को सीएम मध्य प्रदेश मोहन यादव के आने की जानकारी दी.
उन्होंने जनता को जानकारी दी कि खटीमा विधानसभा के अशोक फार्म स्थित शहीद हरिकिशन सिंह विद्यालय में 12 नवंबर मध्य प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव स्थानीय से जनसंवाद करेंगे. इसलिए उन्होंने स्थानीय जनता से अधिक से अधिक संख्या में उक्त कार्यक्रम में पहुंचने का आवाह्न किया. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को 2027 विधानसभा से पहले खटीमा विधानसभा के दौरे को राजनीतिक रूप से भी देखा जा रहा है. जिस इलाके में सीएम यादव दौरा कर आमजनता से जनसंवाद करेंगे उस इलाके में ओबीसी एवं पूर्वांचल समाज के लोगों की अधिकता है, इसलिए सीएम मोहन यादव अपने दौरे पर खटीमा विधानसभा के उक्त इलाके के मतदाताओं को बीजेपी के पक्ष में साधने का प्रयास करेंगे.
फिलहाल जिला पंचायत अध्यक्ष उधम सिंह नगर अजय मौर्य के नेतृत्व में बीजेपी के दर्जा मंत्री पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उनके दौरे को सफल बनाने में जुटे हुए हैं. जिपअ अजय मौर्य ने इसके साथ ही 15 नवंबर को होने वाले पूर्वांचल समाज के सबसे बड़े पर्व छठ पर्व को इस वर्ष हर्षौल्लास पूर्वक मनाए जाने की बात कही. उन्होंने कहा खटीमा के नौसर मेलाघाट खटीमा सहित विभिन्न छठ घाटों को इस वर्ष सौंदर्यीकरण किया गया है. साथ ही प्रदेश के सीएम धामी ने भी पूर्वांचल समाज के छठ पर्व के लिए जिले के प्रमुख इलाकों में बीस छठ घाटों के निर्माण को लेकर भी पहल की है.
