लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली का पर्व सकुशल संपन्न होने के बाद मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा, गंगा स्नान मेला गुढ़मुक्तेश्वर तथा तिगरी मेला की तैयारियों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने मेरठ, बरेली, अमरोहा, हापुड़, मुरादाबाद व अन्य मंडल तथा जिलों के प्रशासिन व पुलिस अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी कर लिए जाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की तैनाती के साथ ही सतर्क निगरानी रखने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी यूपी का मिनी कुम्भ यह मेला श्रद्धा, अनुशासन व स्वच्छता का प्रतीक बनेगा। श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुमग यातायात व स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। मेले के कमांड एरिया में शराब व नशे की वस्तुओं की बिक्री कतई न हो और न ही आस्था के विपरीत कोई आचरण हो। 17 से 26 नवंबर तक लगने वाले इस मेले में 25 से 30 लाख श्रद्धालु शामिल होंगे। 24 नवंबर को मुख्य स्नान पर्व होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आस्था, परंपरा व सुव्यवस्था का संगम होगा, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से कर ली जाएं। सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल समेत सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग कतई न हो। गृह विभाग, लोकनिर्माण विभाग, परिवहन, सिंचाई, नगर विकास, ऊर्जा, पंचायती राज, स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मेला शुरू होने से पहले निरीक्षण अवश्य कर लें। घाटों पर स्नान के लिए पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। नदी को आवश्यक्तानुसार चैनलाइज किया जाए। हर घाट पर जल की उपलब्धता रहे। पर्याप्त स्वच्छता कर्मियों की तैनाती भी सुनश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएचसी स्तर के अस्थायी हॉस्पिटल बनाए जाएं। पर्याप्त मैनपावर, एंबुलेंस समेत सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। विद्युत की नियमित आपूर्ति व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा की लिए पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमें दोनों तरफ तैनात की जाएं। मेले से पहले एडीजी, आईजी, डीआईजी, एसएसपी स्तर के अधिकारी पुलिस बल की काउंसिलिंग करें। सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान नशे के खिलाफ अभियान चलाया जाए। बच्चों की स्लोगन, भाषण, वाद-विवाद, निबंध आदि प्रतियोगिताएं कराई जाएं। पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर धार्मिक व राष्ट्रभक्ति गीत बजाए जाएं और जनता के बीच अच्छे कार्यों को पहुंचाया जाए। शासन की योजनाओं व उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया जाए।
रीलबाजी से दूर रहें पुलिसकर्मी
मुख्यमंत्री ने मेले में कड़े सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित कराए जाने के साथ ही लापरवाह पुलिस कर्मियों को कड़ी चेतावनी भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कर्मी रील बनाने की प्रवृत्ति से दूर रहें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम, वॉच टावर, फायर डेंटर, सीसीटीवी, यातायात-पार्किंग प्रबंधन, डायवर्जन आदि की समुचित व्यवस्था की जाए। फायर टेंडर अलर्ट मोड पर रहे। कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहे। मेले में अवांछनीय तत्वों व वन्यजीवों के प्रति सतर्कता बरती जाए। परिवहन विभाग श्रद्धालुओं के आवागमन के मद्देनजर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करे।
आस्था के विपरीत न हो कोई कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जाए। मंच पर सभ्य कार्यक्रम ही हों। आस्था के विपरीत कोई भी कार्यक्रम न हो। स्थानीयजनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर हर आयुवर्ग के विजेताओं को सम्मानित भी किया जाए। उन्होंने पर्यटन-संस्कृति विभाग को मेले में श्रीमद्भागवत कथा, रासलीला, रामलीला, भगवान शिव से जुड़े आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कराने के साथ ही लेजर शो व ड्रोन शो कराने का निर्देश भी दिया।
