हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के फगवाड़ा में आयोजित श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भगवान श्री विश्वकर्मा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कारीगरों और श्रमिकों के योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 116 वर्ष पुराने ऐतिहासिक मंदिर में भगवान श्री विश्वकर्मा के चरणों में शीश नवाकर वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं।
उन्होंने कहा कि आज एक ही दिन दो पावन पर्व गोवर्धन पूजा और विश्वकर्मा पूजा मनाए जा रहे हैं। भगवान श्री कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर समाज की रक्षा की थी, जबकि भगवान श्री विश्वकर्मा ने द्वारका बसाकर उसी समाज को घर दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि यहां प्रतिदिन करीब 350 मरीजों की ओपीडी होती है। चैरिटेबल डायलिसिस के साथ गरीबों का निशुल्क उपचार भी किया जाता है।
पीएम विश्वकर्मा योजना से 30 लाख कारीगर जुड़े
सैनी ने कहा कि इस पंडाल में बैठे लोहार, बढ़ई, राजमिस्त्री और सुनार भगवान श्री विश्वकर्मा की महान परंपरा के वारिस हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से कारीगरों के हुनर को गारंटी दी है। हरियाणा सरकार ने भी मुख्यमंत्री विश्वकर्मा सम्मान योजना के तहत अपनी ओर से 5,000 रुपये जोड़े हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना का चार साल का लक्ष्य दो साल में ही पूरा कर लिया गया और अब तक 30 लाख कारीगर इससे जुड़ चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारीगरों के घर की नींव से लेकर आंगन तक की जिम्मेदारी उनकी सरकार ने उठाई है। पलवल में भगवान श्री विश्वकर्मा के नाम पर श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय बनाया गया है। इसके अलावा हरियाणा देश का पहला राज्य बना, जिसने सिलिकोसिस से पीड़ित श्रमिकों के लिए पुनर्वास नीति बनाई।
पंजाब को वादों की नहीं, काम की गारंटी चाहिए
पंजाब का जिक्र करते हुए सैनी ने कहा कि आज वहां का कारीगर पूछ रहा है कि उसके हुनर को सम्मान कब मिलेगा। पंजाब को वादों की नहीं, काम की गारंटी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस समाज ने अपने हुनर से मंदिर और महल बनाए हैं, उसी समाज के हाथों में अब पंजाब के भविष्य को गढ़ने की शक्ति है।
